जींद : विभाग ने काटे दर्जनों अवैध कनेक्शन, 110 को नोटिस
पेयजल को सर्विस स्टेशन, हरी सब्जी व हरा चारा लगाने में उपयोग करने वालों पर कार्यवाही
कार्रवाई करते हुए टीम।


जींद, 31 मई (हि.स.)। पेयजल को सर्विस स्टेशन, हरी सब्जी व हरा चारा लगाने में उपयोग वाले कनेक्शन सहित दर्जनों अवैध कनेक्शन को विभाग की टीम ने विशेष अभियान के तहत काट दिया ओर करीब 110 अवैध कनेक्शन व पानी बर्बाद करने वालों को नोटिस दिया गया है। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के जिला सलाहकार डा. रणधीर मताना ने रविवार को बताया कि हर घर तक स्वच्छ व पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए चलाए जा रहे जल संरक्षण व पेयजल रिकवरी अभियान के तहत गांव करसिंधु, सुदकैन खुर्द, भगवानपुरा, बरसाना, खूंगा, किशनपुरा, ढाकल, जामनी, बुराडैहर व दनौदा खुर्द में अभियान चलाया।

अगर कोई उपभोक्ता ऐसा करता पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा कुछ लोगों द्वारा सब्जी व हरे चारे के लिए भी पेयजल का गलत तरीके से उपयोग किया जाता है। अगर कोई भी उपभोक्ता पेयजल का उपयोग सब्जी उगाने व हरा चारा उगाने के लिए करता हुआ पाया जाता है तो उसका पेयजल का कनेक्शन काट कर उसके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जा रही है। स्वच्छ पेयजल के लिए विभाग की टीम पाइप लाइन लीकेज व अस्वच्छ कनेक्शन को तुरंत ठीक कर रही है।

जिला सलाहकार रणधीर मताना ने कहा कि जिला जींद के ब्लॉक जींद में दिनेश मलिक, जुलाना में सोमलता सैनी, सफीदो में बलवान सिंह आर्य, अलेवा में ईश्वर सिंह, नरवाना-उझाना में सुरेंद्र नरवाल व उचाना में खंड समन्वयक कुशल शर्मा के नेतृत्व में टीम द्वारा घर-घर जाकर पेयजल संरक्षण के बारे में जागरूक कर रही है। उपभोक्ता को साफ व स्वच्छ पानी मिले, इसके लिए उसे पानी की जांच का प्रशिक्षण दिया जा रहा है ताकि वह खुद पानी की जांच कर सके।

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के जिला सलाहकार डा. रणधीर मताना ने बताया कि एक मार्च 2026 से जिला जींद के सभी पांचों शहरों जींद, जुलाना, सफीदों, उचाना व नरवाना में पेयजल बिल एकत्रित करने के लिए विशेष जोरदार अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में घर-घर जाकर उपभोक्ताओं को बिल जमा करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। उपभोक्ता अपना पेयजल व सीवरेज का बिल ऑनलाइन व ऑफलाइन जमा करवा सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा