प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान पर ‘जल संचय’ बना देशव्यापी जन आंदोलन : सीआर पाटिल
नवसारी, 31 मई (हि.स.)। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने जल संरक्षण को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल की सराहना करते हुए कहा कि आज ‘जल संचय’ देश का एक बड़ा जन आंदोलन बन चुका है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर शुरू हुए इस अ
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल


केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल


नवसारी, 31 मई (हि.स.)। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने जल संरक्षण को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल की सराहना करते हुए कहा कि आज ‘जल संचय’ देश का एक बड़ा जन आंदोलन बन चुका है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर शुरू हुए इस अभियान को देशभर में अभूतपूर्व जनसमर्थन मिला है, जिसके सकारात्मक परिणाम अब स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं।

गुजरात के नवसारी में आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जल संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ते हुए लोगों से अपनी कर्मभूमि से मातृभूमि तक जल संचय के कार्यों में योगदान देने का आह्वान किया था। इसी का परिणाम है कि 6 सितंबर 2024 को शुरू हुए इस अभियान के तहत इस वर्ष 31 मई तक देशभर में लगभग एक करोड़ 50 लाख जल संचय संरचनाओं का निर्माण पूरा किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि अभियान के पहले चरण में 31 मई 2025 तक 27.50 लाख संरचनाएं तैयार हुई थीं, जिनसे करीब 2.4 बिलियन क्यूबिक मीटर (बीसीएम) अतिरिक्त जल संग्रहण क्षमता विकसित हुई थी। अब डेढ़ करोड़ से अधिक संरचनाओं के निर्माण से आगामी मानसून में और अधिक मात्रा में वर्षा जल का संचय संभव हो सकेगा।

पाटिल ने मानसून को ध्यान में रखते हुए नवसारी महानगरपालिका द्वारा किए जा रहे कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि शहर में जलभराव की समस्या को रोकने के लिए खाड़ी को नदी की तर्ज पर चौड़ा और गहरा करने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। इस कार्य में जिला प्रशासन, महानगरपालिका, जनप्रतिनिधि और अधिकारी मिलकर समन्वय के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि समय से पहले कार्य पूरा करने की संस्कृति भारतीय जनता पार्टी और प्रशासनिक व्यवस्था की पहचान है। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर तालमेल के कारण आम जनता को राहत मिल रही है तथा भविष्य की समस्याओं का समाधान पहले से ही सुनिश्चित किया जा रहा है।

अंत में केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल ने नवसारी महानगरपालिका के मेयर, म्युनिसिपल कमिश्नर, जिला कलेक्टर, प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समय रहते विकास और जल प्रबंधन के कार्यों को पूरा करने के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे