Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पूर्वी सिंहभूम, 30 मई (हि.स.)। बागबेड़ा थाना क्षेत्र के बड़ौदा घाट के समीप शनिवार सुबह खरकई नदी से एक अज्ञात किशोर का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की उम्र लगभग 16 वर्ष बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह कुछ लोग खरकई नदी में स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर नदी के पानी में बहते एक किशोर पर पड़ी।
स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे बाहर निकालकर किनारे लाया और उसकी जान बचाने का प्रयास किया। लोगों का कहना है कि जब किशोर को नदी से निकाला गया, तब उसमें जीवन के कुछ संकेत दिखाई दे रहे थे। हालांकि काफी प्रयासों के बावजूद उसकी हालत बिगड़ती चली गई और कुछ ही देर बाद उसने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद बागबेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच पड़ताल कर
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि किशोर किस क्षेत्र का रहने वाला था और किन परिस्थितियों में वह नदी तक पहुंचा। फिलहाल मामले को लेकर कई पहलुओं पर जांच की जा रही है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक