Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कोलकाता, 29 मई (हि. स.)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने तृणमूल कांग्रेस के चार बार के विधायक एवं उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम विधानसभा क्षेत्र से प्रतिनिधित्व करने वाले रथिन घोष को एक बार फिर समन जारी किया है। उन्हें एक जून की दोपहर साल्ट लेक स्थित केंद्रीय सरकारी कार्यालय (सीजीओ कॉम्प्लेक्स) में ईडी के समक्ष उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
सूत्रों के अनुसार, रथिन घोष से नगरपालिकाओं में कथित तौर पर करोड़ों रुपये के बदले नौकरी देने से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ की जानी है। इससे पहले उन्हें 15 मई को ईडी ने लगभग 10 घंटे तक पूछताछ के लिए तलब किया था। इसके बाद 25 मई को भी उन्हें बुलाया गया था, लेकिन वे उपस्थित नहीं हुए।
15 मई को पूछताछ के दौरान रथिन घोष ने मीडिया से कहा था कि उन्हें समन के कारणों की जानकारी नहीं है। हालांकि, लंबी पूछताछ के बाद उन्होंने बाहर निकलकर मीडिया के सवालों का जवाब देने से परहेज किया था।
उल्लेखनीय है कि इस मामले में पूर्व मंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस नेता सुजीत बोस फिलहाल ईडी की हिरासत में हैं। उन पर भी इसी कथित नगरपालिकाओं में नौकरी घोटाले से जुड़े मामले में जांच चल रही है।
गौरतलब है कि ईडी को इस मामले से जुड़ी शुरुआती जानकारी कोलकाता के एक प्रमोटर अयन शील के आवास पर छापेमारी के दौरान मिली थी, जो स्कूल नौकरी घोटाले से जुड़े एक अन्य मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच का हिस्सा था।
बाद में कलकत्ता उच्च न्यायालय के आदेश पर केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने भी इस मामले में समानांतर जांच शुरू की। जांच के दौरान कई राजनीतिक रूप से प्रभावशाली व्यक्तियों के नाम सामने आए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता