Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मंडी, 29 मई (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने पंचायतीराज चुनाव के दूसरे चरण के परिणाम आने के बाद कहा कि पूरे प्रदेश से कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है। उन्होंने कहा कि बड़े-बड़े कांग्रेसी दिग्गजों सहित मंत्रियों के पैरों तले से जमीन खिसक चुकी है, जिससे अब इस वर्तमान सरकार की विदाई पूरी तरह तय नजर आ रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश की जनता अब भारतीय जनता पार्टी की नीतियों और सरकार के साथ आगे बढ़ना चाहती है ताकि राज्य में रुके हुए विकास कार्यों को पुनः तेज रफ्तार दी जा सके। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की ख़राब परफोर्मेंस से उनकी कुर्सी हिल चुकी है और उन्हें डर सता रहा है कि कहीं उन्हें अब हटा न दिया जाए इसलिए झूठे आंकड़े पेश कर अपनी साख बचाने में लगे हुए हैं।
जयराम ठाकुर ने सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि पिछले साढ़े तीन वर्षों के कार्यकाल में इस सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन के खोखले नारे की आड़ में व्यवस्था को तार तार कर रखा है। इस दौरान प्रदेश को अपने आर्थिक कुप्रबंधन से कंगाल कर दिया और आम जनता पर भारी टैक्स का बोझ लादने का ही काम किया है। प्रदेश के चहुंमुखी विकास को पूरी तरह ठप कर दिया है और केवल अपने चुनिंदा मित्रों के घर भरने का काम किया है, जिसके परिणामस्वरूप आज समूचे हिमाचल की जनता में इस जनविरोधी सरकार के खिलाफ भारी आक्रोश और निराशा का माहौल व्याप्त है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू अपने गृह जिले में कांग्रेस की डूबती नैया को पार लगाने में पूरी तरह नाकाम रहे हैं। तो वहीं दूसरी ओर उप मुख्यमंत्री भी अपने विधानसभा क्षेत्र की गृह पंचायत तक में कांग्रेस पार्टी के अपने चहेते नेताओं को जीत दिलाने में असफल साबित हुए हैं। यही दयनीय हाल सरकार के अन्य मंत्रियों और कैबिनेट रैंक वाले विधायकों का भी है। जिन्हें ग्रामीण क्षेत्रों में जनता के भारी विरोध का सामना करना पड़ रहा है और स्थिति ऐसी बन गई है कि लोग इन्हें गांवों से दौड़ा रहे हैं। जो स्पष्ट रूप से शासन के प्रति जनता के तीव्र गुस्से को दर्शाता है।
उन्होंने कांग्रेस को चेतावनी देते हुए कहा कि पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण के परिणाम आने के बाद यह सरकार जनता को मुंह दिखाने के लायक भी नहीं बचेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा