राजगढ़ः पति-पत्नी के हाथ-पैर बाँधकर डकैती, कट्टा अड़ाकर बदमाश ले गए तीन तोला सोना, डेढ़ किलो चांदी और नकदी
राजगढ़, 29 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के मलावर थाना क्षेत्र के ग्राम तरेनी में गुरुवार देर रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां सरकारी शिक्षक और उनकी पत्नी को पांच-छह बदमाशों ने बंधक बनाकर मारपीट की और घर में रखे लाखों के जेवर व न
डकैती, कट्टा अड़ाकर बदमाश ले गए तीन तोला सोना, डेढ़ किलो चांदी और नकदी


राजगढ़, 29 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के मलावर थाना क्षेत्र के ग्राम तरेनी में गुरुवार देर रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां सरकारी शिक्षक और उनकी पत्नी को पांच-छह बदमाशों ने बंधक बनाकर मारपीट की और घर में रखे लाखों के जेवर व नकदी लूट ले गए। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

पुलिस के अनुसार ग्राम तरेनी निवासी भारतसिंह (46)पुत्र मदनलाल लोधा ने बताया कि,वह माध्यमिक विद्यालय कानरखेड़ी में शिक्षक हैं,गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात वे पत्नी मांगीबाई के साथ घर के दलान में सो रहे थे। इसी दौरान पांच से छह बदमाश घर में घुस आए।बदमाशों ने दंपत्ति को धमकाते हुए हाथ-थप्पड़ों से मारपीट की,फिर हाथ-पैर बांध दिए और मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। इसी बीच एक आरोपित ने उनके सिर पर कट्टा तानते हुए कहा कि तुझे जमीन चाहिए। बदमाशों ने घर में रखी पेटी से दो तोला सोने का ठड्डा, सोने की अंगूठी, चांदी का करधोना, दो तगड़ी, एक जोड़ी पायजेब, वहीं पत्नी के कानों से सोने के टॉप्स और पैरों से चांदी की पायल उतार ली। कुल मिलाकर तीन तोला सोना, डेढ़ किलो चांदी और नकदी लेकर फरार हो गए। जाते-जाते वे उनका मोबाइल भी उठा ले गए, जो बाद में उमरेड की कांकड़ पर पड़ा मिला। वारदात में शिक्षक दंपत्ति को गंभीर चोटें आई हैं और घटना के बाद से वे बेहद सहमे हुए हैं।

पीड़ितों ने बताया कि बदमाश जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी देकर गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फिंगरप्रिंट से लेकर आसपास के सीसीटीवी फुटेज तक खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों पर धारा 310(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक अनुमान में लूटे गए माल की कीमत पुराने बाजार मूल्य के आधार पर तकरीबन डेढ़ लाख रुपए बताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में देर रात पुलिस गश्त बढ़ाने की जरूरत है, क्योंकि पिछले कुछ समय में आपराधिक घटनाओं का खतरा बढ़ा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक