Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

-पर्यटन मंत्री सोनीपत में रहेंगे मौजूद
चंडीगढ़, 29 मई (हि.स.)। हरियाणा के पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा 30 मई को हरियाणा पर्यटन निगम द्वारा आयोजित दूसरी हेरिटेज एंड सिटी वॉक में एथनिक इंडिया, राई (सोनीपत) में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। ‘आओ चलें अपनी विरासत के साथ’ मुहिम के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहरों से युवाओं व पर्यटकों को जोडऩा है।शुक्रवार को जानकारी देते हुए प्रवक्ता ने बताया कि हैरिटेज एंड सिटी वॉक शनिवार सुबह 6 बजे से 8 बजे तक प्रदेश के सात प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों पर आयोजित की जाएगी। सोनीपत स्थित एथनिक इंडिया, राई से खालसा मेमोरियल तक विशेष वॉक आयोजित होगी, जहां पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा प्रतिभागियों के साथ ऐतिहासिक स्थल का दौरा कर उसकी ऐतिहासिकता से रूबरू होंगे।
हरियाणा पर्यटन निगम द्वारा पिंजौर, मोरनी हिल्स, कुरुक्षेत्र, सूरजकुंड, रेवाड़ी, बल्लभगढ़ और एथनिक इंडिया, राई सहित सात स्थानों को इस कार्यक्रम के लिए चिह्नित किया गया है। प्रत्येक स्थल पर हेरिटेज गाइड की व्यवस्था की गई है, जो प्रतिभागियों को ऐतिहासिक स्थलों की विशेषताओं और उनके गौरवशाली इतिहास की जानकारी देंगे।
पिंजौर में यादवेंद्र गार्डन, गुरुद्वारा मंजी साहिब, भीमा देवी टेंपल साइट म्यूजियम, धारामंडल पिंजौर और प्राकृतिक बावड़ी का भ्रमण करवाया जाएगा। मोरनी हिल्स में ऐतिहासिक मोरनी किला, कुरुक्षेत्र में ज्योतिसर तीर्थ स्थल, विराट स्वरूप और महाभारत अनुभव केंद्र संग्रहालय को शामिल किया गया है। वहीं, सूरजकुंड में ऐतिहासिक जलाशय से असोला-भाटी वन्यजीव अभयारण्य तक भ्रमण होगा। रेवाड़ी में सैंडपाइपर टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स से बड़ा तालाब तक तथा वल्लभगढ़ में राजा नाहर सिंह महल से रानी की छतरी तक वॉक आयोजित की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा