तीसरे चरण में हमीरपुर की 77 पंचायतों के 429 बूथों पर होगा मतदान
हमीरपुर, 29 मई (हि.स.)। पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के तीसरे एवं अंतिम चरण में जिला हमीरपुर की 77 ग्राम पंचायतों में शनिवार को होने वाले मतदान को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्वक संपन्न करवाने के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। इन पंचायतों के सभी 429
तीसरे चरण में हमीरपुर की 77 पंचायतों के 429 बूथों पर होगा मतदान


हमीरपुर, 29 मई (हि.स.)। पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के तीसरे एवं अंतिम चरण में जिला हमीरपुर की 77 ग्राम पंचायतों में शनिवार को होने वाले मतदान को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्वक संपन्न करवाने के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। इन पंचायतों के सभी 429 मतदान केंद्रों में मतदान दल पहुंच गए हैं और मतदान के लिए बूथ शुक्रवार को ही तैयार कर दिए गए हैं, ताकि शनिवार सुबह ठीक 7 बजे मतदान शुरू किया जा सके।

उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि इन पंचायतों में प्रधान एवं उपप्रधान के कुल 154 पदों और पंचायत सदस्यों के कुल 429 पदों के अलावा इनके अंतर्गत आने वाले जिला परिषद और बीडीसी वार्डों के लिए भी मतदान होगा।

उन्होंने बताया कि तीसरे एवं अंतिम चरण में नादौन ब्लॉक की 20 पंचायतों में 110 बूथ बनाए गए हैं। बिझड़ी ब्लॉक की 15 पंचायतों में 87 बूथ, बमसन ब्लॉक की 8 पंचायतों में 42 बूथ, भोरंज ब्लॉक की 14 पंचायतों में 82 बूथ, हमीरपुर ब्लॉक की 12 पंचायतों में 66 बूथ और सुजानपुर ब्लॉक की 8 पंचायतों में 42 बूथ बनाए गए हैं।

शनिवार को मतदान का समय सुबह 7 बजे से सायं 3 बजे तक रहेगा। पंचायत प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्यों के चुनाव परिणाम उसी दिन शाम को घोषित कर दिए जाएंगे। जबकि, पंचायत समिति और जिला परिषद के मतों की गिनती रविवार को सुबह 9 बजे सभी ब्लॉक मुख्यालयों में आरंभ होगी।

जिला हमीरपुर में तीसरे चरण में 30 मई को इन 77 ग्राम पंचायतों में होगा मतदान

विकास खंड हमीरपुर: फरनोल, चौकी कनकरी, लंबलू, चंगर, नाहलवीं, जटेहड़ी, अमरोह, स्वाहल, बफड़ीं, डबरेड़ा, ललीण और साहनवीं

विकास खंड बमसन: कक्कड़, उटपुर, उहल, पौहंज, गवारडू, बगवाड़ा, बराड़ा, और सिकांदर।

विकास खंड नादौन: भूंपल, धनेटा, नौहंगी, जलाड़ी, फस्टे, कोटला चिल्लियां, मण, किटपल, गाहली, मझेली, घलूं, दंगड़ी, गौना, झलाण, मझियार, अमलैहड़, बलडूहक, बटराण, पुतड़ियाल और कोहला

विकास खंड सुजानपुर: जोल पलाही, टिहरा, लंबरी, डेरा, चमियाणा, दाड़ला, करोट और चबूतरा

विकास खंड भोरंज: मुंडखर, महल, लगमनवीं, कड़ोहता, बाहनवीं, भौंखर, पलपल, पपलाह, गरसाहड़, कोट लांगसा, अम्मण, भकेड़ा, जख्योल और कैहरवीं

विकास खंड बिझड़ी: बल्ह बिहाल, पथलियार, सकरोह, बल्याह, मक्कड़, उसनाड़ कलां, समैला, जमली, कनोह, टिक्कर राजपूतां, घंगोट कलां, क्याराबाग, भैल, दैण और पटेरा

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला