Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सागर, 29 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में प्रशासन ने शुक्रवार को अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सागर, अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में राजस्व विभाग और पुलिस बल की एक संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण और सर्च कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माणों को जमींदोज कर दिया।
प्रशासनिक टीम से मिली जानकारी के मुताबिक, कार्रवाई का पहला बड़ा ठिकाना ग्राम भैंसा बना। यहाँ खसरा नंबर 138 पर 'एएनए बिल्डर' द्वारा अवैध रूप से कॉलोनी विकसित की जा रही थी। इस प्रोजेक्ट में पार्टनर सिमरजीत सिंह, आशु और अमरदीप के माध्यम से बिना वैधानिक अनुमति के निर्माण कार्य और प्लॉटिंग का काम धड़ल्ले से चल रहा था। मौके पर पहुँचे प्रशासनिक अमले ने जेसीबी (बुलडोजर) की मदद से अवैध निर्माण को ढहा दिया।
भैंसा के बाद संयुक्त टीम ने ग्राम पगारा का रुख किया। यहाँ खसरा नंबर 831 पर श्रीलाल जैन नामक व्यक्ति द्वारा अवैध कॉलोनी का निर्माण कराया जा रहा था। प्रशासन की टीम ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए मौके पर चल रहे अवैध निर्माण को ध्वस्त किया और भविष्य में होने वाले सभी अवैध कार्यों पर पूरी तरह रोक लगा दी। कॉलोनाइजरों को सख्त चेतावनी दी गई है कि बिना वैध अनुमति के कोई भी निर्माण कार्य आगे न बढ़ाया जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे