Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

राजगढ़, 29 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में तीन माह से वेतन नहीं मिलने से नाराज स्वास्थ्य कर्मियों ने शुक्रवार को कलेक्टर कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि सोमवार तक वेतन जारी नहीं किया गया तो मंगलवार से जिलेभर में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी जाएगी।
प्रदर्शन में जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों से नियमित, संविदा और आउटसोर्स कर्मचारी, आशा सुपरवाइजर तथा उषा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। कर्मचारियों का कहना था कि वे लगातार अस्पतालों और ग्रामीण क्षेत्रों में सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन तीन महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण आर्थिक संकट गहरा गया है।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि वेतन नहीं मिलने से बच्चों की फीस जमा नहीं हो पा रही, बैंक की किश्तें अटक गई हैं और रोजमर्रा के खर्च पूरे करने के लिए उधार लेना पड़ रहा है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि विभागीय स्तर पर लंबित प्रक्रियाओं और फाइलों की देरी का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है।
स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सुरेश पटेल ने कहा कि कर्मचारी हर परिस्थिति में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा। उन्होंने कहा कि यदि तय समय सीमा तक वेतन जारी नहीं हुआ तो जिले की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।
प्रदर्शन के बाद कर्मचारियों ने कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा को ज्ञापन सौंपा। कलेक्टर ने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए सोमवार तक समाधान निकालने का आश्वासन दिया।
प्रदर्शन में भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारी, स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के कार्यकारी अध्यक्ष चेतन साहू, सीएमएचओ कार्यालय के कर्मचारी, आरबीएसके चिकित्सक, सीएचओ, बीपीएम, बीसीएम और आउटसोर्स कर्मचारी भी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक