संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला महिला का शव
अमेठी, 29 मई (हि.स.)। जिले के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र स्थित सातन पुरवा गांव की एक महिला का शव शुक्रवार को टेढ़ई गांव के पास एक बाग में पेड़ से लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सातन पुरवा निवासी नसरीन बानो (45)
मृतका की फाइल फोटो


अमेठी, 29 मई (हि.स.)। जिले के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र स्थित सातन पुरवा गांव की एक महिला का शव शुक्रवार को टेढ़ई गांव के पास एक बाग में पेड़ से लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सातन पुरवा निवासी नसरीन बानो (45) पत्नी सलीम साह अपने मायके में रहती थीं। उनका पति भी वहीं साथ रहता था। परिवार में छह बच्चे हैं, जिनमें एक बेटी की शादी हो चुकी है। परिजनों के मुताबिक नसरीन बानो बुधवार से घर से लापता थीं। काफी तलाश के बाद भी उनका पता नहीं चला तो पति सलीम साह ने बृहस्पतिवार को शिवरतनगंज थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शुक्रवार को ग्रामीणों ने टेढ़ई गांव के पास स्थित एक बाग में महिला का शव पेड़ से लटकता देखा। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थानाध्यक्ष दयाशंकर मिश्र ने शुक्रवार को बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल मौके पर पुलिस पहुंच गई। लाश को फांसी के फंदे से उतरवा कर कब्जे में लेते हुए पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी