Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हरिद्वार, 29 मई (हि.स.)। थाना सिडकुल क्षेत्र में संदिग्ध अवस्था में घूम रही दो नाबालिग लड़कियों को हरिद्वार पुलिस ने रेस्क्यू कर सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द किया। दोनों बालिकाएं नेपाली मूल की सगी बहनें हैं, जो बिना बताए हल्द्वानी से हरिद्वार पहुंच गई थीं।
थाना सिडकुल प्रभारी अजय शाह के अनुसार शुक्रवार अपराह्न पुलिस को सूचना मिली कि राजा बिस्कुट फैक्ट्री के आसपास दो नाबालिग लड़कियां संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रही हैं। सूचना मिलते ही थाना सिडकुल पुलिस के चेतक कर्मी मौके पर पहुंचे और दोनों बालिकाओं को संरक्षण में लेकर थाने लाए।
पूछताछ में दोनों बालिकाओं ने बताया कि वे मूल रूप से नेपाल की रहने वाली हैं तथा उनके पिता हल्द्वानी में मजदूरी का कार्य करते हैं। दोनों बहनें बिना किसी को बताए घर से निकल गई थीं और रास्ता भटकते हुए सिडकुल क्षेत्र में पहुंच गईं।
पुलिस ने महिला उपनिरीक्षक के माध्यम से दोनों बालिकाओं की काउंसलिंग कराई और उनके परिजनों से संपर्क स्थापित किया। इसके बाद परिजनों को थाना सिडकुल बुलाया गया। आवश्यक सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने के बाद शुक्रवार देर शाम दोनों बालिकाओं को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों ने हरिद्वार पुलिस का आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला