Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कानपुर, 29 मई (हि.स.)। ऑनलाइन स्टॉक मार्केट ट्रेडिंग, गेमिंग ऐप और इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (आईपीओ) में निवेश का झांसा देकर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले दो साइबर ठगों को उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर की रावतपुर पुलिस और साइबर सेल ने गिरफ्तार किया है। आरोपिताें के बैंक खातों में करीब 14 करोड़ रुपये का संदिग्ध ट्रांजेक्शन मिला है। पुलिस ने आरोपितों के पास से चार मोबाइल फोन और 42,900 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने शुक्रवार को बताया कि एनसीआरपी पोर्टल पर कई संदिग्ध खातों की शिकायतें मिलने के बाद साइबर सेल ने जांच शुरू की थी। जांच में सीसामऊ के गांधी नगर निवासी सुमित कश्यप और कर्नलगंज निवासी नवीन श्रीवास्तव के नाम सामने आए। दोनों को एस्कार्ट वर्ल्ड स्कूल के पास से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में दोनों शातिरों ने बताया कि वे लोगों को व्हाट्सएप और टेलीग्राम ग्रुप में जोड़कर स्टॉक मार्केट ट्रेडिंग, ऑनलाइन गेमिंग और आईपीओ दिलाने के नाम पर रकम निवेश कराते थे और बाद में साइबर फ्रॉड के जरिए पैसा हड़प लेते थे।
जांच में सामने आया कि दोनों आरोपित दिल्ली में बैठे एक व्यक्ति को म्यूल खाते उपलब्ध कराते थे। साइबर ठगी से प्राप्त रकम इन खातों में ट्रांसफर की जाती थी और बाद में चेक व एटीएम के माध्यम से रकम निकालकर मनी ट्रेल खत्म करने की कोशिश की जाती थी।
डीसीपी ने बताया कि आरोपिताें के पांच बैंक खाते चिन्हित हुए, जिनमें देश के अलग-अलग राज्यों से 12 से अधिक शिकायतें दर्ज मिलीं। खातों में लगभग 14 करोड़ रुपये का संदिग्ध ट्रांजेक्शन पाया गया है। इनमें पश्चिम बंगाल, पंजाब, हरियाणा, गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक और केरल समेत कई राज्यों से शिकायतें दर्ज हैं। आरोपिताें द्वारा इंडसइंड बैंक, इंडियन बैंक, आईडीएफसी, आईसीआईसीआई और एक्सिस बैंक में खाते खुलवाए गए थे। एक्सिस बैंक के एक खाते में अकेले आठ शिकायतें दर्ज थीं। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने चकेरी क्षेत्र में 97 लाख रुपये की साइबर ठगी की घटना को भी अंजाम दिया था।
पुलिस के मुताबिक ठग रावतपुर क्षेत्र के केशवपुरम में किराए के मकान में रहकर लंबे समय से साइबर अपराध कर रहे थे। सुमित कश्यप पूर्व में भी साइबर फ्रॉड के मामले में गुरुग्राम, हरियाणा से जेल जा चुका है और उसके खिलाफ चार मुकदमे दर्ज हैं। बरामद मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप