Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जींद, 29 मई (हि.स.)। सफीदों विधायक रामकुमार गौतम ने कहा कि जिस राष्ट्र के नागरिक स्वस्थ होते हैं, वही राष्ट्र उन्नति के पथ पर अग्रसर रहता है। स्वस्थ समाज ही मजबूत राष्ट्र की नींव होता है और नागरिकों का शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहना देश के विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। नायब सरकार नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
सफीदों विधायक रामकुमार गौतम शुक्रवार को स्वस्थ हरियाणा, समृद्ध हरियाणा अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित जिलास्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। विधायक द्वारा स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार क्लीनिक एवं अमृत फार्मेसी का शुभारंभ किया तथा ढाठरथ गांव में चार करोड़ 85 लाख रुपये की लागत से बनने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास किया। वहीं पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह द्वारा स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी 100 करोड़ रुपये से अधिक लागत की नौ महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम का प्रसारण ऑनलाईन माध्यम से राज्य के सभी जिलों में आयोजित किया गया। विधायक राम कुमार गौतम ने कहा कि गांवों से लेकर शहरों तक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया जा रहा है ताकि आमजन को घर के निकट ही बेहतर उपचार मिल सके।
विधायक रामकुमार गौतम ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशहित में अनेक ऐतिहासिक एवं महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। जिनका लाभ देश के प्रत्येक वर्ग को मिला है। उन्होंने कहा कि सरकार ने श्रद्धालुओं की वर्षों पुरानी आस्था का सम्मान करते हुए अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण करवाया है। वहीं मुस्लिम महिलाओं के अधिकारों एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तीन तलाक जैसी कुप्रथा को समाप्त कर महिलाओं को सम्मानजनक जीवन देने का कार्य किया गया है। देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने के लिए जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। जिससे वहां शांति एवं विकास का नया दौर शुरू हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा