Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हमीरपुर, 29 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में शुक्रवार को तड़के करीब तीन बजे आंधी और तूफान ने बड़ी तबाही मचाई है। घर की दीवाल गिरने से दो बुजुर्ग महिलाओं की मौत हो गई। शुक्रवार को पुलिस ने शवो को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना जरिया क्षेत्र के धगवा गांव निवासी फूलवती (70) पत्नी रामसनेही अपने घर में बैठी थीं। उनके साथ उनकी छोटी बहन फूलारानी (45) भी मौजूद थीं। इसी दौरान तेज आंधी और हवा के दबाव से कच्चे मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दोनों महिलाएं मलबे में दब गईं। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों को मलबे से बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने फूलवती को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल फूलारानी को प्राथमिक उपचार के बाद उरई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में कई जर्जर कच्चे मकान हैं, जो कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार अखलेश कुमार मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। साथ ही लेखपाल व पुलिस को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि आकाशीय बिजली की गर्जना से एक महिला को हार्टअटैक हुआ है, और एक की दीवार गिरने से मृत्यु हो गई है, ये दैवीय आपदा की घटना है।
थाना प्रभारी दिनेश कुमार पाण्डेय ने शुक्रवार को शाम बताया कि मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सुमेरपुर क्षेत्र के चंदपुरवा गांव में आंधी से पेड गिरने से कैलसिया (80) की मौत हो गई। इसके अलावा सात लोग घायल हुए है। आंधी तूफान में हजारों पेड़ टूट गए वहीं सैकड़ों की तादाद में बिजली के पोल और ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने से सैकड़ों गांवों में बिजली गुल है। घरों की दीवारें ढहने और टीन टप्पर और छप्पर तक आंधी में उड़ गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि पैंतीस साल पहले भी इस तरह की आंधी आई थी जिसमें बड़ा नुकसान हुआ था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा