Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

भोपाल, 29 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भोपाल में नगर निगम ने शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान तेज करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई कर बड़ी संख्या में अवैध कब्जे हटाए। निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने शिकायतों के निराकरण और नियमित अभियान के तहत ठेले, गुमठियां, पान पार्लर, काउंटर, सब्जी दुकानें तथा दुकानों के बाहर रखा सामान हटाकर जब्त किया।
निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर शुक्रवार को निगम अमले ने नेहरू नगर, पलकमति परिसर, जवाहर चौक, शाहपुरा मनीषा मार्केट, बिट्टन मार्केट, रोहित नगर, बावड़िया कला, अयोध्या बायपास, जहांगीराबाद, हमीदिया रोड, रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म नंबर-6, सिंधी कॉलोनी चौराहा, बैरागढ़ सीटीओ रोड, आशाराम तिराहा, गांधी नगर बस स्टॉप और सब्जी मंडी सहित कई क्षेत्रों में अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान रोहित नगर सर्विस रोड पर अवैध रूप से बना बांस-बल्लियों का टपरा तोड़ा गया। वहीं विभिन्न स्थानों से दो ठेले, दो गुमठियां, तीन तख्त और छह कैरेट जब्त किए गए।
निगम टीम ने सड़क और फुटपाथ पर फैले सामान को हटाकर यातायात व्यवस्था सुचारू बनाने का प्रयास किया।
इसके अलावा निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने जिला प्रशासन के साथ मिलकर बैरागढ़ सीटीओ रोड स्थित नाले के पास अवैध रूप से बने एक शेड को जेसीबी मशीन की मदद से ध्वस्त किया। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा