Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 29 मई (हि.स.)। भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु का सिंगापुर ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में सफर शुक्रवार को क्वार्टरफाइनल में हार के साथ समाप्त हो गया। दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी दक्षिण कोरिया की आन से यंग ने सिंधु को सीधे गेमों में 21-17, 21-14 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधु ने मुकाबले में कुछ मौकों पर आक्रामक खेल दिखाते हुए आन से यंग पर दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन कोरियाई खिलाड़ी के बेहतरीन नियंत्रण, तेज मूवमेंट और अहम अंकों पर शानदार प्रदर्शन ने मुकाबला एकतरफा बना दिया।
इस हार के साथ ही सिंधु का आन से यंग के खिलाफ लगातार हार का सिलसिला नौ मैचों तक पहुंच गया। इन मुकाबलों में सिंधु केवल एक बार ही आन से यंग के खिलाफ एक गेम जीतने में सफल रही हैं, जो 2023 बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप में आया था।
मुकाबले की शुरुआत से ही सिंधु आक्रामक नजर आईं। उन्होंने स्मैश और तेज रिटर्न के जरिए रैलियों पर नियंत्रण बनाने की कोशिश की, लेकिन पहले गेम के मध्यांतर तक वह 7-11 से पीछे थीं। इसके बाद सिंधु ने शानदार वापसी करते हुए स्कोर 13-14 तक पहुंचाया।
हालांकि नेट पर आन से यंग की पकड़ और दबाव झेलने की क्षमता ने उन्हें फिर बढ़त दिला दी। सिंधु ने 17-19 तक संघर्ष जारी रखा, लेकिन कुछ गलत शॉट्स ने उन्हें नुकसान पहुंचाया और आन से यंग ने पहला गेम अपने नाम कर लिया।
दूसरे गेम में सिंधु की शुरुआत बेहद खराब रही और आन से यंग ने 6-0 की बढ़त बना ली। इसके बाद भारतीय खिलाड़ी ने वापसी करते हुए अंतर कम करने की कोशिश की, लेकिन कोरियाई खिलाड़ी ने लगातार सटीक शॉट्स और बेहतरीन कोर्ट कवरेज के दम पर मैच पर नियंत्रण बनाए रखा।
सिंधु ने एक समय स्कोर 12-14 तक पहुंचाकर मुकाबले में वापसी के संकेत दिए, लेकिन अहम मौकों पर हुई गलतियों का फायदा आन से यंग ने उठाया। इसके बाद सिंधु 13-18 से पिछड़ गईं और वापसी नहीं कर सकीं।
48 मिनट तक चले इस मुकाबले में आन से यंग ने अपने दूसरे मैच प्वाइंट पर जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे