Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 29 मई (हि.स.)। राजधानी में संगठित अपराध और स्ट्रीट क्राइम पर शिकंजा कसने के लिए रोहिणी जिला पुलिस ने दो दिवसीय विशेष अभियान 'ऑपरेशन शस्त्र' चलाकर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान पुलिस ने अवैध हथियारों के साथ 19 आरोपितों को गिरफ्तार किया, जबकि अपराध में सक्रिय 21 हिस्ट्रीशीटरों को भी दबोच लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार 27 और 28 मई को चलाए गए इस विशेष अभियान का उद्देश्य संगठित अपराध, सड़क अपराध और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना था। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर रोहिणी जिले में 15 विशेष टीमें गठित की गई थीं, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में लगातार निगरानी, चेकिंग और गश्त की।
अभियान के दौरान पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत 18 मामले दर्ज किए। इन मामलों में 19 आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 11 देशी पिस्टल (सीएमपी), 13 जिंदा कारतूस, सात चाकू और दो मोटरसाइकिल बरामद की गईं। पुलिस का कहना है कि बरामद हथियारों का इस्तेमाल गंभीर आपराधिक वारदातों में किया जा सकता था।
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार रोहिणी जिला पुलिस ने अपराध की रोकथाम के लिए हिस्ट्रीशीटरों, जमानत पर बाहर आए अपराधियों और उद्घोषित अपराधियों की भी विशेष जांच की। कार्रवाई के दौरान 21 ऐसे हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार किए गए, जो लगातार आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय पाए गए।
पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियाती कार्रवाई भी की। सार्वजनिक शांति भंग करने की आशंका वाले लोगों के खिलाफ 15 कलंदरे दर्ज किए गए और 21 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा दिल्ली पुलिस अधिनियम के तहत 53 वाहनों को जब्त किया गया तथा 571 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
रोहिणी जिला पुलिस के अनुसार संवेदनशील स्थानों पर रणनीतिक पिकेट लगाए गए और व्यापक स्तर पर गश्त बढ़ाई गई। अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान से अपराधियों में पुलिस का डर बढ़ा है और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी