Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बलरामपुर, 29 मई (हि.स.)। बलरामपुर जिले में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने और खेती की लागत कम करने के लिए नैनो डीएपी और नैनो यूरिया के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसका सकारात्मक असर अब किसानों की फसलों में दिखाई देने लगा है।
विकासखंड बलरामपुर के ग्राम जवाहरनगर निवासी किसान विनोद बैरागी ने बताया कि नैनो डीएपी और नैनो यूरिया के उपयोग से उन्हें बेहतर उत्पादन मिला है। उन्होंने बताया कि उनके पास करीब पांच एकड़ कृषि भूमि है। पहले वे पारंपरिक रासायनिक उर्वरकों का उपयोग करते थे, जिससे खेती की लागत बढ़ जाती थी।
किसान विनोद बैरागी ने बताया कि पिछले साल उन्होंने अपनी फसल में नैनो डीएपी का प्रयोग किया, जिससे कम मात्रा में ही बेहतर परिणाम मिले। उन्होंने कहा कि इससे पौधों को जरूरी पोषक तत्व प्रभावी ढंग से मिले और फसल की पैदावार भी बढ़ी, जबकि खर्च पहले की तुलना में कम हुआ।
उन्होंने अन्य किसानों से भी नैनो डीएपी और नैनो यूरिया अपनाने की अपील करते हुए कहा कि नई तकनीकों के इस्तेमाल से खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है। साथ ही कृषि विभाग द्वारा समय-समय पर दिए जा रहे मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार जताया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय