Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बलरामपुर, 29 मई (हि.स.)। आगामी मानसून को देखते हुए जिला प्रशासन ने बाढ़, अतिवृष्टि और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से निपटने की तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने शुक्रवार काे सभी विभागों को राहत और बचाव व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन की ओर से एक जून से जिलास्तरीय नियंत्रण कक्ष 24 घंटे संचालित किया जाएगा। इसके माध्यम से आपदा संबंधी सूचनाओं का संकलन और त्वरित समन्वय किया जाएगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने संवेदनशील और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में खाद्यान्न, दवाइयों और जरूरी राहत सामग्री पहले से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पेयजल व्यवस्था, वर्षामापी यंत्रों की उपलब्धता, नालियों और नालों की नियमित सफाई तथा जलाशयों के जलस्तर की लगातार निगरानी करने को कहा गया है।
जिला प्रशासन ने मोटर बोट, बचाव उपकरण और अन्य आपदा प्रबंधन संसाधनों को तैयार रखने के साथ राहत एवं बचाव दलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। राहत शिविरों में स्वास्थ्य परीक्षण, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई और सैनिटाइजेशन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है।
कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को मानसून अवधि के दौरान सतर्कता और आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय