Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


खड़गपुर, 29 मई (हि. स.)। रेलवे बोर्ड के महानिदेशक (सुरक्षा) हितेंद्र मल्होत्रा ने गुरुवार को दक्षिण पूर्व रेलवे के संतरागाछी से खड़गपुर तक सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ट्रेन संचालन और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान महानिदेशक ने खड़गपुर में क्रू लॉबी, स्पार्म और ट्रैक डिपो का दौरा किया। उन्होंने सुरक्षा संबंधी कार्यप्रणाली, रखरखाव व्यवस्था और मैदानी इकाइयों की तैयारियों का जायजा लिया।
इस अवसर पर रेलवे बोर्ड के कार्यकारी निदेशक (सुरक्षा/एसएंडटी) बलबीर सिंह यादव भी मौजूद रहे। दक्षिण पूर्व रेलवे मुख्यालय के कई वरिष्ठ अधिकारी और खड़गपुर मंडल के अधिकारी भी निरीक्षण टीम के साथ रहे।
बलबीर सिंह यादव ने खड़गपुर रेलवे स्टेशन और रूट रिले इंटरलॉकिंग (आरआरआई) प्रणाली का भी निरीक्षण कर सुरक्षा एवं परिचालन व्यवस्था का आकलन किया।
इसके बाद डीआरएम कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीआरएम खड़गपुर ललित मोहन पांडेय सहित मंडल के सभी अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में खड़गपुर मंडल की सुरक्षा व्यवस्था और विभिन्न सुरक्षा मामलों पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस दौरे का उद्देश्य सुरक्षा उपायों को और मजबूत करना, परिचालन दक्षता बढ़ाना तथा सुरक्षित और विश्वसनीय ट्रेन संचालन सुनिश्चित करना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता