Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

विजयपुर, 29 मई (हि.स.)। कर्नाटक के विजयपुर जिले के चडचण तालुका के (भीमातीर क्षेत्र) गोविंदपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर छह लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई। दो परिवारों के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
मृतकों की पहचान चंदू निराळे, दुंडप्पा निराळे, शिवपुत्र निराळे, राहुल निराळे, समर्थ निराळे और शब्बीर नदाफ के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच के अनुसार हमलावरों ने पहले धारदार हथियारों से हमला किया और बाद में गोली मारकर हत्या कर दी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक जमीन को लेकर अप्पुगौड़ा पाटील और रेवनसिद्धप्पा निराळे परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। कुछ दिन पहले इस मामले को लेकर पंचायत भी हुई थी, लेकिन विवाद सुलझ नहीं पाया और अंततः हिंसक रूप ले लिया।
बताया जा रहा है कि निराळे परिवार ने करीब छह महीने पहले गोविंदपुर गांव के एक व्यक्ति से 24 एकड़ विवादित जमीन खरीदी थी। गांव के कुछ लोगों और अब आरोपित बताए जा रहे लोगों ने इस जमीन को खरीदने से मना किया था। इसके बावजूद निराळे परिवार ने जमीन खरीद ली थी।
शुक्रवार को जब परिवार के सदस्य ट्रैक्टर और जेसीबी की मदद से जमीन साफ कर खेती की तैयारी कर रहे थे, तभी 15 से 20 लोगों के एक समूह ने अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने खेत में ही परिवार के सदस्यों को दौड़ा-दौड़ाकर मौत के घाट उतार दिया।
विजयपुर के पुलिस अधीक्षक लक्ष्मण निंबरगी ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। चडचण पुलिस थाना क्षेत्र में मामला दर्ज कर लिया गया है। गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस हत्या के पीछे की साजिश, हमलावरों की संख्या और घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। एसपी लक्ष्मण निंबरगी ने मीडिया से कहा कि जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश एम.बी.