Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

धनबाद, 29 मई (हि.स.)। धनबाद क्लब में शुक्रवार को आयोजित जिला स्तरीय मेधा सम्मान समारोह में जैक, सीबीएसई, आईसीएसई सहित विभिन्न विद्यालयों के 81 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उपायुक्त आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार और अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे ने विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। समारोह का शुभारंभ दिव्यांग छात्र के हाथों दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम में एकेडमिक वर्ष 2025-26 में जैक इंटर साइंस में 97.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर राज्य टॉपर बनी रशीदा नाज आकर्षण का केंद्र रहीं। इसके अलावा मैट्रिक और इंटर (आर्ट्स, साइंस, कॉमर्स) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। उपायुक्त आदित्य रंजन ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता के लिए मेहनत, अनुशासन और एकाग्रता जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से मोबाइल से दूरी बनाकर किताबों को अपना साथी बनाने की अपील की। साथ ही शिक्षकों और अभिभावकों के सम्मान तथा लक्ष्य पर फोकस बनाए रखने की सलाह दी।
वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने कहा कि बच्चों पर अनावश्यक दबाव नहीं डालना चाहिए। उन्हें अपनी रुचि के अनुसार आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने सोशल मीडिया से दूरी और अच्छी संगति में रहने की सीख दी। समारोह में तीन दिव्यांग विद्यार्थियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उपायुक्त ने कहा कि दिव्यांग छात्र संघर्ष कर आगे बढ़ते हैं और वे समाज के लिए प्रेरणा हैं।
समारोह में जैक, सीबीएसई, आईसीएसई, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस और नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय के टॉपर्स को सम्मानित किया गया।
मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी अभिषेक झा, जिला शिक्षा अधीक्षक आयुष कुमार, झारखंड शिक्षा परियोजना के पदाधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा