Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पलामू, 29 मई (हि.स.)। जिले के हुसैनाबाद प्रखंड की कुर्मीपुर पंचायत की मुखिया रीना कुमारी के साथ कथित दुर्व्यवहार और उनके पति अजय राजवंशी की गिरफ्तारी को लेकर हुसैनाबाद में विवाद लगातार गहराता जा रहा है। शुक्रवार को मुखिया संघ के सदस्यों और सैकड़ों ग्रामीणों ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
ग्रामीणों और मुखिया संघ का आरोप है कि माइंस संचालन से जुड़े विवाद में पुलिस कार्रवाई के दौरान मुखिया रीना कुमारी और उनके साथ गई महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। आरोप लगाया गया कि मुखिया पति अजय राजवंशी की गिरफ्तारी के बाद जब रीना कुमारी कुछ महिला समर्थकों के साथ थाना पहुंचीं तो उन्हें अपने पति से मिलने नहीं दिया गया। इतना ही नहीं, महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और उन्हें थाना परिसर से बाहर निकाला गया।
इस घटना से आक्रोशित मुखिया संघ और ग्रामीणों ने एसडीपीओ आईपीएस दिव्यांश शुक्ला को ज्ञापन सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। एसडीपीओ ने आश्वासन दिया कि महिला मुखिया के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुरूप कार्रवाई होगी।
इससे पूर्व हुसैनाबाद प्रखंड मुखिया संघ की बैठक में भी मामले को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की गई। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि यह मामला केवल एक व्यक्ति की गिरफ्तारी का नहीं, बल्कि जनप्रतिनिधियों के सम्मान और अधिकारों से जुड़ा है। संघ ने आरोप लगाया कि पंचायत क्षेत्र में कथित अवैध खनन को लेकर ग्रामीण लगातार आवाज उठा रहे थे और प्रशासन को कई बार शिकायतें भी दी गई थीं।
मुखिया संघ के अध्यक्ष श्रवण राम और सचिव अमरेंद्र कुमार ठाकुर ने कहा कि यदि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो संगठन व्यापक आंदोलन शुरू करेगा। उन्होंने माइंस संचालक की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की।
मुखिया रीना कुमारी ने कहा है कि 26 मई को धरना स्थल पर पुलिस पहुंची और वहां मौजूद लोगों के साथ कथित दुर्व्यवहार किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि धरना स्थल पर लगी कुर्सियां और साउंड सिस्टम हटाए गए तथा विरोध करने पर उनके पति अजय राजवंशी सहित अन्य लोगों को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया गया। उन्होंने थाना पहुंचने पर अपने साथ अपमानजनक व्यवहार किए जाने का भी आरोप लगाया है।
वहीं हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार ने महिला मुखिया के आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने अपने वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पूरी तरह कानूनसम्मत कार्रवाई की है। थाना प्रभारी के अनुसार महिला मुखिया के साथ किसी प्रकार का दुर्व्यवहार नहीं किया गया और न ही उन्हें उनके पति से मिलने से रोका गया। उन्होंने कहा कि लगाए जा रहे आरोप तथ्यहीन हैं और पुलिस ने विधि-सम्मत प्रक्रिया का पालन करते हुए कार्रवाई की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार