गणगौर फैक्ट्री में भीषण आग, रिहायशी इलाके में मची अफरा-तफरी
पूर्वी सिंहभूम, 29 मई (हि.स.)। जुगसलाई थाना क्षेत्र के डिकोस्टा रोड स्थित रिहायशी इलाके में संचालित गणगौर फैक्ट्री में शुक्रवार दोपहर अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा
आग बुझते फायरमैन, पुलिस कर्मी, फैक्ट्री से धुआं


आग बुझते फायरमैन, पुलिस कर्मी, फैक्ट्री से धुआं


पूर्वी सिंहभूम, 29 मई (हि.स.)। जुगसलाई थाना क्षेत्र के डिकोस्टा रोड स्थित रिहायशी इलाके में संचालित गणगौर फैक्ट्री में शुक्रवार दोपहर अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया। आसपास के घरों और दुकानों में रहने वाले लोग दहशत में बाहर निकल आए। आग से उठते काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

प्रत्यक्षदर्शियों में सुखविंदर कौर के अनुसार फैक्ट्री के भीतर अचानक धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। फैक्ट्री के अंदर रखे ज्वलनशील सामान के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना अग्निशमन विभाग और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी आग लग चुका है। इसके संचालक राजा सिंह हैं जो गलत तरीके से भीड़ भाड़ वाले इलाके में फैक्ट्री चला रहे हैं।

वहीं घटना स्थल रिहायशी क्षेत्र में होने के कारण प्रशासन को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी। पुलिस ने एहतियातन फैक्ट्री के आसपास की गलियों को खाली कराया और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा। स्थानीय युवक भी दमकल कर्मियों के साथ राहत और बचाव कार्य में सहयोग करते नजर आए। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास जारी है।

हालांकि प्रारंभिक जानकारी में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन फैक्ट्री के अंदर भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी की वजह से हादसा हुआ हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

जुगसलाई थाना पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर कैंप कर स्थिति पर नजर बनाए हुए है। आग पूरी तरह बुझने के बाद फैक्ट्री में हुए नुकसान का आकलन किया जाएगा और मामले की विस्तृत जांच की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक