Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कोडरमा, 29 मई (हि.स.)। जिले के डोमचांच थाना अंतर्गत बगड़ो गांव में शुक्रवार की सुबह नवविवाहिता का शव उसके ससुराल में संदिग्ध अवस्था में बरामद हुआ है।
मृतका की पहचान काजल खातून (22) के रुप मे हुई है। मिली जानकारी के अनुसार मृतका के पति ने शुक्रवार की सुबह अपने ससुराल में फ़ोन कर के यह जानकारी दी कि वे लोग जल्द बगड़ो पहुचें। यहां काजल की तबियत काफी खराब है। फोन पर इस बात की सूचना मिलते ही काजल के परिजन आनन-फ़ानन में बगड़ो पहुंचे।
वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि उसका शव उसके कमरे के बेड पर पड़ा हुआ है। इसके बाद वे लोग काजल के ससुराल वालों को ढूंढने लगे। इस दौरान उन्हें मालूम हुआ कि काजल के पति और उसके ससुराल वाले घर से फरार हैं। उन्होंने घटना की सूचना डोमचांच पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही डोमचांच पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
इधर, मृतका के मायके वालों ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोडरमा के एसडीपीओ प्रमोद केशरी घटनास्थल पर पहुंचे और जानकारी ली। साथ ही उन्होंने काजल के परिजनों को इस मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन देते हुए उन्हें समझा बुझाकर शांत किया।
उल्लेखनीय है कि काजल का दो महीने पूर्व ही आयान अंसारी से निकाह हुआ था। काजल का मायके डोमचांच है। एसडीपीओ प्रमोद केशरी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारण का पता चल पाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव समीर