Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

खूंटी, 29 मई (हि.स.)। उपायुक्त मो जावेद हुसैन ने शुक्रवार को सदर अस्पताल का निरीक्षण कर अस्पताल की विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इमरजेंसी वार्ड, ऑपरेशन थिएटर, एसएनसीयू, ओपीडी जांच घर, मातृ-शिशु अस्पताल सहित विभिन्न विभागों का जायजा लिया और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिया।
उपायुक्त ने ओपीडी और इमरजेंसी वार्ड संचालन की जानकारी लेते हुए विभागवार चिकित्सकों की उपस्थिति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि मरीजों को समय पर समुचित इलाज उपलब्ध कराया जाए और डॉक्टर एवं स्वास्थ्यकर्मी पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करें। रोस्टर के अनुसार चिकित्सकों, एएनएम, जेएनएम और अन्य कर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, शौचालयों की नियमित सफाई, पेयजल व्यवस्था और मेडिकल वेस्ट प्रबंधन को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। दवा वितरण केंद्र में उपलब्ध दवाओं के स्टॉक की जानकारी लेते हुए उन्होंने मरीजों के बीच नियमित दवा वितरण सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने आईसीयू के बेहतर संचालन और अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर बल दिया। साथ ही पीएसए प्लांट को जल्द चालू करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। लैब संचालन की समीक्षा करते हुए उन्होंने जांच घर के बाहर सभी जांचों का रेट चार्ट प्रदर्शित करने और गुणवत्तापूर्ण जांच एवं समय पर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि सदर अस्पताल स्थित डीपीएच लैब में राशन कार्डधारी और बीपीएल परिवारों के लिए 80 से अधिक प्रकार की जांच सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। इनमें लीवर, किडनी, ब्लड शुगर, सीबीसी, डेंगू, मलेरिया, थायरॉइड, विटामिन और अन्य महत्वपूर्ण जांच शामिल हैं।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश, सिविल सर्जन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा