निर्धारित मेनू के अनुसार बच्चों को पौष्टिक मध्याह्न भोजन कराएं उपलब्ध : उपायुक्त
खूंटी, 29 मई (हि.स.)। समाहरणालय स्थित सभागार में शुक्रवार को उपायुक्त मो जावेद हुसैन की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विद्यालयों में संचालित विभिन्न योजनाओं, पठन-पाठन व्यवस्था और शैक्षणिक गति
बैठक


खूंटी, 29 मई (हि.स.)। समाहरणालय स्थित सभागार में शुक्रवार को उपायुक्त मो जावेद हुसैन की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विद्यालयों में संचालित विभिन्न योजनाओं, पठन-पाठन व्यवस्था और शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने शिक्षा व्यवस्था को बेहतर और प्रभावी बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने विद्यालयों में बच्चों को दिए जाने वाले मध्याह्न भोजन, शिक्षकों और छात्रों की नियमित उपस्थिति, समय पर पुस्तक एवं पोशाक वितरण तथा विद्यालयों की शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने शिक्षा विभाग के बीईओ, बीआरपी एवं सीआरपी को प्रत्येक माह विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कर उसकी रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि विद्यालयों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं का त्वरित समाधान किया जा सके।

उपायुक्त ने रिक्त रसोईया पदों पर चयन प्रक्रिया जल्द पूरी करने और निर्धारित मेनू के अनुसार बच्चों को पौष्टिक मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। साथ ही विद्यालयों में शौचालय, पेयजल और स्वच्छता की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।

उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने की आवश्यकता पर बल देते हुए शिक्षकों से अपने दायित्वों का ईमानदारीपूर्वक निर्वहन करने की बात कही। उपायुक्त ने नामांकन प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर समय पर कक्षाओं का संचालन शुरू करने और आवश्यकता अनुसार आवासीय विद्यालय भवनों की मरम्मत कराने का भी निर्देश दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश, सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, सभी बीईओ सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा