Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हजारीबाग, 29 मई (हि.स.)। शहर के बड़ा बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत जय प्रभानगर की एक वृद्ध महिला ने भू-माफियाओं की ओर से जमीन पर अवैध कब्जा, नाली निकास अवरुद्ध करने और धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता प्रमिला देवी ने इस संबंध में सदर अंचलाधिकारी को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
आवेदन में प्रमिला देवी ने बताया कि उनकी वैध निजी भूमि पर कुछ असामाजिक तत्व जबरन अतिक्रमण करने का प्रयास कर रहे हैं। आरोप है कि इन लोगों ने मकान के नाली निकास को भी जानबूझकर बंद किया जा रहा है, जिससे जलजमाव और गंदगी की समस्या उत्पन्न हो रही है।
पीड़िता के अनुसार, भू-माफिया उनके मकान के पीछे स्थित नदी की जमीन और गैरमजरुआ भूमि को मिलाकर अवैध रूप से बेचने की योजना के तहत चारदीवारी का निर्माण कर रहा है। इस पूरे मामले में उन्होंने स्थानीय थाना को भी सूचना दी थी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने कार्रवाई नहीं की और निर्माण कार्य पुनः शुरू कर दिया गया।
प्रमिला देवी ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित लोग उन्हें लगातार धमकी दे रहे हैं और अवैध वसूली के लिए दबाव बना रहे हैं। इससे वह भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन जीने को विवश हैं। पीड़िता ने प्रशासन से मांग की है कि उनकी जमीन और नाली निकास को अतिक्रमण से मुक्त कराया जाए, दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई हो और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। साथ ही नगर निगम से स्थल निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति की जांच कराने की भी अपील की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार