अबीर मिश्रा बने पीआरआई, रेल यात्रियों की शिकायतों के समाधान में मिलेगी तेजी
पूर्वी सिंहभूम, 29 मई (हि.स.)। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में कार्यरत कॉमर्शियल इंस्पेक्टर अबीर मिश्रा को जमशेदपुर क्षेत्र के लिए पूर्णकालिक पीआरआई (पब्लिक रिलेशन इंस्पेक्टर) नियुक्त किया गया है। इस संबंध में चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम
विधायक सरयू राय का फाइल फोटो


पूर्वी सिंहभूम, 29 मई (हि.स.)। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में कार्यरत कॉमर्शियल इंस्पेक्टर अबीर मिश्रा को जमशेदपुर क्षेत्र के लिए पूर्णकालिक पीआरआई (पब्लिक रिलेशन इंस्पेक्टर) नियुक्त किया गया है। इस संबंध में चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया ने शुक्रवार को आधिकारिक आदेश जारी किया।

बताया जा रहा है कि जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में यात्री रेलगाड़ियों की लगातार हो रही लेट-लतीफी, यात्रियों की शिकायतों और सूचना समन्वय को बेहतर बनाने के उद्देश्य से यह नियुक्ति की गई है। अबीर मिश्रा यात्रियों और रेलवे प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित कर ट्रेनों के संचालन संबंधी सूचनाओं और समस्याओं के समाधान में अहम भूमिका निभाएंगे।

इससे पहले दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने रेल यात्री संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों से मुलाकात के दौरान जमशेदपुर में पूर्णकालिक पीआरआई की नियुक्ति का आश्वासन दिया था। इसके बाद रेलवे प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आदेश जारी कर दिया।

रेल यात्री संघर्ष समिति के संरक्षक सरयू राय ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक और डीआरएम का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि इससे रेल यात्रियों की समस्याओं के समाधान में तेजी आएगी और रेलवे प्रशासन के साथ बेहतर संवाद स्थापित हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक