Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 29 मई (हि.स.)। उत्तर पश्चिमी जिले के जहांगीरपुरी इलाके में मामूली कहासुनी के बाद 26 वर्षीय युवक की चाकू घोंपकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने तीन नाबालिगों को पकड़ा है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 29 मई को सी-ब्लॉक, जहांगीरपुरी में झगड़े के दौरान अरबाज (26) को चाकू मार दिया गया था। गंभीर रूप से घायल अरबाज को उपचार के लिए बाबू जगजीवन राम मेमोरियल (बीजेआरएम) अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद थाना जहांगीरपुरी में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
प्रत्यक्षदर्शी के बयान, स्थानीय खुफिया जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल तीनों नाबालिगों को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस ने एक आरोपित की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि विवाद के दौरान हुए झगड़े ने हिंसक रूप ले लिया, जिसके बाद अरबाज पर चाकू से हमला किया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और घटना के पीछे की पूरी वजह का पता लगाया जा रहा है। साथ ही आरोपितों की भूमिका और घटनाक्रम के अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी