Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

भाेपाल, 29 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने शुक्रवार को इंदौर में आयोजित पत्रकार वार्ता में शहर की पेयजल व्यवस्था, जल गुणवत्ता और नगरीय विकास कार्यों को लेकर प्रदेश सरकार एवं नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा कराए गए जल परीक्षण में कई क्षेत्रों के पानी के नमूने गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे हैं।
जीतू पटवारी बताया कि कांग्रेस की ओर से इंदौर की सात विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न वार्डों से पानी के नमूने लेकर परीक्षण कराया गया। रिपोर्ट के आधार पर उन्होंने दावा किया कि कई स्थानों पर पेयजल दूषित पाया गया तथा कुछ क्षेत्रों में सीवरेज मिश्रित पानी की शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार से पूरे शहर का स्वतंत्र वाटर ऑडिट कराने की मांग की। उन्हाेंने कहा कि कांग्रेस द्वारा तैयार कराई गई जल परीक्षण रिपोर्ट मुख्यमंत्री डाॅ. माेहन यादव, नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट और सांसद शंकर लालवानी को सौंपी जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि सरकार चाहे तो स्वतंत्र एजेंसी से दोबारा जांच भी कराई जा सकती है।
पत्रकार वार्ता में उन्होंने भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी से हुई कथित मौतों का उल्लेख करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। साथ ही प्रभावित परिवारों को सहायता उपलब्ध कराने की बात भी कही। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने नगर निगम के जल प्रदाय एवं सीवरेज कार्यों में अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए कहा कि जल आपूर्ति व्यवस्था, पाइपलाइन सुधार और भूजल संरक्षण के कार्यों की व्यापक समीक्षा की आवश्यकता है। उन्होंने इंदौर में घटते भूजल स्तर, सूखते तालाबों और जल पुनर्भरण कार्यों की प्रभावशीलता पर भी सवाल उठाए।
सड़क चौड़ीकरण और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर भी उन्होंने प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और उचित मुआवजे की मांग की। उनका कहना था कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और नागरिकों के हितों का संतुलन बनाए रखना आवश्यक है। पत्रकार वार्ता में पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चाैकसे, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े, प्रदेश महासचिव संजीव सक्सेना तथा प्रदेश प्रवक्ता अमित चौरसिया सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे