Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

अनूपपुर, 29 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुँचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिले जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के ग्राम पंचायत दमहेड़ी के ग्राम सिवनीसंगम में जिला स्तरीय जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में कलेक्टर हर्षल पंचोली एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अर्चना कुमारी सहित सभी प्रमुख विभागीय अधिकारियों ने उपस्थित रहकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। जहां बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित 64 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से अधिकांश आवेदनों का मैदानी अधिकारियों द्वारा मुस्तैदी से मौके पर ही निराकरण कर ग्रामीणों को तुरंत राहत प्रदान की गई। शेष बचे आवेदनों के लिए कलेक्टर ने समय-सीमा निर्धारित करते हुए संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द निराकरण के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि शासन की जनहितकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का लाभ हर पात्र ग्रामीण तक पहुँचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में प्राप्त सभी समस्याओं का विधिवत पंजीकरण रजिस्टर में किया जाए और उनका समयबद्ध निराकरण हो। मौके पर ही कलेक्टर ने विभागवार समीक्षा करते हुए राजस्व विभाग को फौती नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा एवं अन्य राजस्व प्रकरणों का त्वरित निराकरण करें। खाद्य विभाग को राशन वितरण एवं उज्ज्वला योजना से संबंधित मामलों को तुरंत सुलझाएं।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी को नल-जल योजनाओं का विधिवत हस्तांतरण समारोहपूर्वक संपन्न करें। पंचायत एवं ग्रामीण विकास को आवास सूची का सत्यापन, पेंशन प्रकरणों का निराकरण तथा मनरेगा के अपूर्ण कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाए। साथ ही सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का शत-प्रतिशत संतुष्टिपूर्वक निराकरण हो। स्वास्थ्य एवं कृषि विभाग को आयुष्मान कार्ड निर्माण में तेजी लाएं, कृषि विभाग खाद, बीज व उर्वरक वितरण की सुचारू व्यवस्था करे और पशुपालन विभाग के चिकित्सक समय पर अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें।
ग्रामीणों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं से रूबरू कराने के लिए शिविर स्थल पर पशुपालन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, विद्युत, कृषि, उद्यानिकी, सामाजिक न्याय एवं निःशक्तजन कल्याण, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा विकास प्रदर्शनियों के स्टॉल लगाए गए थे। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा मौके पर ही एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन भी किया गया। यहाँ स्वास्थ्य टीम द्वारा आने वाले मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और उन्हें मौके पर ही निःशुल्क दवाइयाँ वितरित की गईं।
शिविर में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पुष्पराजगढ़ वसीम अहमद भट्ट, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अलका तिवारी, जिला पंचायत सदस्य भुवनेश्वरी धुर्वे,मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ गणेश कुमार पांडेय सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी ,जनप्रतिनिधि व बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहें।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला