Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 29 मई (हि.स.)। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत और चीन के अधिकारियों के बीच दोनों देशों के सीमा संबंधी मामलों पर विचार और समन्वय तंत्र (डब्ल्यूएमसीसी) के तहत 35वीं बैठक 27 मई को बीजिंग में हुई। इस बैठक में भारत की ओर से संबंधित संयुक्त सचिव ने भाग लिया।
बैठक में सीमा प्रबंधन, परिसीमन, सीमा सहयोग और प्रणाली निर्माण पर चर्चा हुई। बैठक में जोर दिया गया कि दोनों देशों के बीच बहने वाली नदियों से संबंधित विषयों पर विशेषज्ञ स्तर की वार्ता शीघ्र आयोजित होनी चाहिए।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि दोनों पक्षों के बीच विचार विमर्श सार्थक और आगे की ओर एक कदम है। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि दोनों देशों से सीमा संबंधी विशेष प्रतिनिधियों के बीच विचार विमर्श में बनी सहमति पर प्रगति हो। विशेष प्रतिनिधियों की अगली बैठक चीन में होगी। इसके लिए दोनों देश तैयारी कर रहे हैं।
जम्मू कश्मीर को लेकर चीन और पाकिस्तान के वक्तव्य के बारे में प्रवक्ता ने कहा कि इस संबंध में हम अपना पक्ष पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार