Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

शिमला, 29 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के तीसरे और अंतिम चरण के चुनाव के लिए प्रदेश भर में शनिवार को 1189 पंचायतों में वोट डाले जाएंगे। पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव को लेकर संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात की जाएगी। इसको लेकर निर्वाचन आयोग ने सभी इंतजाम करने को लेकर उपायुक्तों को पहले से निर्देश जारी किए हैं।
दरअसल राज्य के कुछ पोलिंग बुथो में 28 मई को हुए चुनाव में लडाई झगडे की नौबत की सूचनाएं मिली है ऐसे में आखिरी चरण के चुनाव को लेकर आयोग और भी अलर्ट हो गया है। अंतिम चरण के चुनाव में हालांकि पंचायत स्तर पर प्रधान उपप्रधान और वार्ड सदस्यों के नतीजे घोषित किए जाएंगे जबकि जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव परिणाम 31 मई को ब्लॉक मुख्यालय में घोषित किए जाएंगे। चुनाव परिणाम के बाद राज्य में शहरी निकाय और पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव का दौर सम्पन्न हो जाएगा।
चुनावों में निगरानी के लिए चुनाव आयोग ने पहले से राज्य के सभी जिला उपायुक्तों को नजर रखने निर्देश जारी किए हैं। राज्य में मई महीने में प्रदेश भर में चुनावी खुमार छाया रहा। मतदाताओं को रिझाने के लिए लोकतंत्र के इस पर्व को लेकर चुनावी उम्मीदवारों ने एड़ी चोटी का जोर लगाया है और अब इन सब को लेकर पंचायत स्तर के उम्मीदवारों के नतीजे भी घोषित किए जाएंगे।
3754 पंचायतों में चुनावी प्रक्रिया होगी सम्पन्न
प्रदेश में तीन चरणों में करवाए जा रहे पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव का कल आखिरी दिन है। कल राज्य में 1189 पंचायतों में चुनाव होंगे वहीं इसके बाद अब राज्य की 3754 पंचायतों में चुनाव की प्रक्रिया भी सम्पन्न हो जाएगी। इसके साथ ही प्रदेश की 3754 ग्राम पंचायतों में 3754 प्रधान और इतने ही उपप्रधान के साथ-साथ 21,654 पंचायत सदस्यों के लिए करवाए गए चुनाव अब सम्पन्न हो जाएंगे और राज्य की सभी पंचायतों को अपनी अपनी पंचायत में गांव की सरकार मिलेगी जो पंचायत और सभी वार्डों के विकास को आगे बढ़ाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा