Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मंदसौर, 29 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के पिपलियामंडी थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार किसान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा बेलारा और पलेवना गांव के बीच हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार ग्राम कामलिया निवासी 45 वर्षीय पर्वत लाल पुत्र भंवर लाल नायर बाइक से मंदसौर जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम देवरी में पदस्थ आंगनवाड़ी कार्यकर्ता 55 वर्षीय वंदना पति जगदीश चंद्र गोड़ ने उनसे मंदसौर तक छोड़ने का आग्रह किया, जिसके बाद दोनों एक ही बाइक से रवाना हुए।
बताया जा रहा है कि जैसे ही उनकी बाइक बेलारा और पलेवना गांव के बीच पहुंची, तभी पीछे से तेज गति से आए ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि पर्वत लाल सड़क पर गिर पड़े और ट्रक का पहिया उनके चेहरे के ऊपर से गुजर गया। सिर में गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं हादसे में घायल आंगनवाड़ी कार्यकर्ता वंदना को आसपास के लोगों ने तत्काल एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक चालक लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहा था और उसके शराब के नशे में होने की भी आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पिपलियामंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया