आकाशीय बिजली गिरने से किसान की मौत
हमीरपुर, 29 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में थाना जरिया क्षेत्र स्थित धगवा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस और राजस्व टीम
आकाशीय बिजली गिरने से किसान की मौत


हमीरपुर, 29 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में थाना जरिया क्षेत्र स्थित धगवा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस और राजस्व टीम ने जांच शुरू कर दी है।

गांव निवासी रघुनाथ (55) मंगलवार देर शाम गांव में दूसरे के मकान की छत पर लेटे थे। परिजनों ने बताया कि उनका मकान कच्चा बना हुआ है, जिसके चलते वह अक्सर दूसरी छत पर जाकर आराम करते थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज आंधी चलने लगी। बताया गया कि आंधी तेज होने पर रघुनाथ छत से नीचे उतरकर सुरक्षित स्थान की ओर जाने लगे। तभी अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से वह मौके पर ही गिर पड़े। आसपास मौजूद ग्रामीण और परिजन उन्हें बचाने पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी हालत गंभीर हो चुकी थी। कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है। सूचना मिलने पर पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। शुक्रवार को थाना प्रभारी जरिया दिनेश कुमार पांडे ने बताया कि पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा