Enter your Email Address to subscribe to our newsletters



कोलकाता, 29 मई (हि. स.)। आंधी संग भारी बारिश के कारण महानगर कोलकाता स्थित शहीद खुदीराम मेट्रो स्टेशन के शेड का एक हिस्सा उड़ गया है। सूत्रों के अनुसार, कवि सुभाष में पेड़ की एक टहनी मेट्रो ट्रैक पर गिर गई। हालांकि, इस स्टेशन पर फिलहाल मेट्रो नहीं चल रही है इसलिए कोई दिक्कत नहीं हुई। बारिश की वजह से दोपहर में गिरीश पार्क से महानायक उत्तम कुमार तक मेट्रो परिसेवा करीब 20 मिनट तक बाधित रहीं।
सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार दोपहर को अचानक आसमान काला हो गया और लगभग 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से चले तूफ़ान के साथ बारिश की वजह से जगह-जगह पेड़ गिर गए और सड़कें जाम हो गईं। देखते ही देखते सड़कों पर जल जमाव हो गया। इसी बीच मध्यमग्राम रेलवे स्टेशन पर ओवरहेड तार टूटने की वजह से सियालदह-बारासात शाखा में ट्रेन परिसेवा कुछ समय के लिए बंद कर दी गई हैं। यही स्थिति सियालदह-कैनिंग शाखा में भी देखने को मिली।
दूसरी ओर, कोलकाता एयरपोर्ट के रनवे पर पानी भर गया है। इसकी वजह से उड़ाने बंद रखी गई है। गोल्फ ग्रीन और साल्ट लेक की सड़कों पर पेड़ गिरने की वजह से यातायात बाधित हुई।
सॉल्ट लेक में इंद्र भवन के पास एक कार पर पेड़ गिरने से हुए हादसे की खबर है। हालांकि, कार में कोई नहीं था इसलिए कोई बड़ा खतरा नहीं हुआ, लेकिन कार क्षतिग्रस्त हो गई।
दूसरी ओर, प्रिंस अनवर शाह रोड पर बने बड़े से कांच से घिरे मॉल का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और होर्डिंग्स फट गए हैं। जिससे मॉल के कर्मचारी और ग्राहक घबराए गए।
मौसम विभाग के अनुसार, सप्ताहांत में पूरे दक्षिण बंगाल में आंधी-तूफान आएगा। जिसके वजह से तापमान में गिरावट आएगी। लोगों को असहनीय गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम में बदलाव को देखते हुए कोलकाता, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, हावड़ा, हुगली समेत कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गंगा