बड़े किलेपाल सुशासन तिहार में 26 करोड़ के विकास कार्यों की मिली सौगात
जगदलपुर, 29 मई (हि.स.)। जिले के बास्तानार विकासखंड मुख्यालय बड़े किलेपाल में आज शुक्रवार को ''सुशासन तिहार'' सह जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के विधायक विनायक गोयल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्हों
बड़े किलेपाल सुशासन तिहार में 26 करोड़ के विकास कार्यों की मिली सौगात


जगदलपुर, 29 मई (हि.स.)। जिले के बास्तानार विकासखंड मुख्यालय बड़े किलेपाल में आज शुक्रवार को 'सुशासन तिहार' सह जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के विधायक विनायक गोयल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र की जनता को लगभग 26 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन कर बड़ी सौगात दी। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मंडावी, जनपद उपाध्यक्ष विनोद कोहरामी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, विभिन्न विभागों के जिला व ब्लॉकस्तरीय वरिष्ठ अधिकारी-कर्मचारी और भारी संख्या में क्षेत्रवासी ग्रामीण उपस्थित थे।

इस दौरान शिविर में कुल 164 आवेदन प्राप्त हुए, जिनके त्वरित और समयबद्ध निराकरण के निर्देश मौके पर मौजूद अधिकारियों को दिए गए। इस सुशासन तिहार के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना द्वारा बुनियादी सड़क निर्माण कार्यों की रूपरेखा भी सामने रखी गई, जिसके तहत कुल 22.41 किलोमीटर लंबी विभिन्न सड़कों के निर्माण कार्यों को गति दी जाएगी।इसके साथ ही सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति भी इस आयोजन में देखने को मिली।

इस दौरान अवगत कराया गया कि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा विकासखंड के कोड़ेनार, बड़े किलेपाल, छोटे किलेपाल, बास्तानार, काकलूर और मुतनपाल जैसे विभिन्न सेक्टरों में महतारी वंदन योजना के अंतर्गत कुल 11,639 लक्षित हितग्राहियों में से 9,622 महिलाओं को लाभान्वित किया जा चुका है और छूटे हुए 2,169 हितग्राहियों को भी जल्द से जल्द इस योजना से जोड़ने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। महिला सशक्तिकरण की दिशा में ही मुख्यमंत्री मिनीमाता महतारी जतन योजना के तहत पात्र महिलाओं को 20 हजार रुपए की सहायता राशि और छात्र-छात्राओं को नौनीहाल छात्रवृत्ति योजना का लाभ दिया गया।

शिविर में विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों के माध्यम से शासन की कल्याणकारी योजनाओं के तहत सीधे मौके पर ही हितग्राहीमूलक सामग्रियों और प्रमाण पत्रों का वितरण किया गया। जनपद पंचायत बास्तानार के अंतर्गत ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत बड़े किलेपाल, छोटे किलेपाल, कोड़ेनार, लालागुड़ा और तीरथुम जैसे ग्रामों में स्थानीय ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए डबरी व कुआं निर्माण कार्यों की राशि स्वीकृत की गई, वहीं बेहतर कार्य करने वाली ग्रामीण दीदियों को मंच से 'लखपति प्रमाण पत्र' सौंपे गए। खाद्य विभाग द्वारा पात्र परिवारों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से श्रीमती सोनमती, श्रीमती मधुबाला कश्यप, श्रीमती विमला पोयामी और श्रीमती नुनमती कुहरामी जैसी महिला हितग्राहियों को प्राथमिकता श्रेणी के नए राशन कार्ड प्रदान किए गए।

शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत वित्तीय वर्ष 2024-25 के पूर्ण आवासों के लिए हितग्राहियों को 'खुशियों की चाबी' सौंपी गई।शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य को बढ़ावा देने के क्रम में आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा संचालित प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास किलेपाल की मेधावी छात्राओं को उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया, साथ ही आदिवासी विकास विभाग द्वारा बालक आश्रम कोड़ेनार और प्री मेट्रिक बालक छात्रावास बरछेपाल के भवनों के सुदृढ़ीकरण हेतु स्वीकृति प्रदान की गई।स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा शिविर स्थल पर विशेष पहल करते हुए छात्र-छात्राओं को जाति व निवास प्रमाण पत्र सौंपे गए तथा उल्लास नवसाक्षर साक्षरता परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले नवसाक्षरों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

स्वास्थ्य एवं समाज कल्याण के तहत बुजुर्गों और जरूरतमंदों के लिए निःशुल्क चश्मा वितरण कार्यक्रम भी चलाया गया। आजीविका के पारंपरिक साधनों को सुदृढ़ करने के लिए मत्स्य पालन विभाग द्वारा कोड़ेनार के सोमारू, तीरथुम के पंडरू और छोटे किलेपाल के शंकर जैसे स्थानीय मत्स्यपालकों से सीधी संवाद चर्चा कर उन्हें मछली पकड़ने के लिए जाल बांटे गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे