भद्रेश्वर नगरपालिका के वाइस चेयरमैन फिरोज खान गिरफ्तार
हुगली, 29 मई (हि. स.)। भद्रेश्वर नगरपालिका के वाइस चेयरमैन और तृणमूल कांग्रेस नेता फिरोज खान को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, नगरपालिका के एग्जीक्यूटिव ऑफिसर की शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। तृणमूल नेता
हथकड़ी


हुगली, 29 मई (हि. स.)। भद्रेश्वर नगरपालिका के वाइस चेयरमैन और तृणमूल कांग्रेस नेता फिरोज खान को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, नगरपालिका के एग्जीक्यूटिव ऑफिसर की शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।

तृणमूल नेता फिरोज खान भद्रेश्वर के तेलिनीपाड़ा इलाके के निवासी हैं। वह वर्ष 2022 में नगरपालिका चुनाव जीतकर पार्षद बने थे, जिसके बाद पार्टी ने उन्हें वाइस चेयरमैन नियुक्त किया था। उन्हें चंदननगर के पूर्व विधायक और मंत्री इंद्रनील सेन का करीबी माना जाता था।

फिरोज खान पर तेलिनीपाड़ा इलाके में अशांति फैलाने और दो दिन पहले भद्रेश्वर नगरपालिका में हुए विवाद में शामिल होने के आरोप लगे हैं। नगरपालिका सूत्रों के मुताबिक, नगर पालिका के कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी गायब बताए जा रहे हैं। इसी संबंध में नगरपालिका के एग्जीक्यूटिव ऑफिसर ने भद्रेश्वर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

शुक्रवार दोपहर पुलिस ने फिरोज खान को थाने बुलाकर पूछताछ की, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। शनिवार को उन्हें चंदननगर अदालत में पेश किया जाएगा।

चंदननगर के डीसीपी ने बताया कि फिरोज खान के खिलाफ अन्य कई शिकायतें भी हैं, जिनकी जांच की जाएगी।

गौरतलब है कि एक दिन पहले ही भद्रेश्वर नगरपालिका के चेयरमैन प्रलय चक्रवर्ती समेत आठ तृणमूल पार्षदों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। 22 वार्डों वाली भद्रेश्वर नगरपालिका लंबे समय से विपक्ष विहीन थी, लेकिन विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की करारी हार के बाद राजनीतिक परिस्थितियां तेजी से बदलने लगी हैं।

राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि नगरपालिका चुनाव से काफी पहले ही भद्रेश्वर नगरपालिका बोर्ड लगभग टूटने की स्थिति में पहुंच गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय