Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


अशोकनगर, 29 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन और दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर शहर में विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
यातायात पुलिस ने शुक्रवार को गांधी पार्क से पुराना बाजार जाने वाले मार्ग पर सड़क के दोनों ओर चूना और पेंट से लाइनिंग एवं रोड मार्किंग करवाई। पुलिस का मानना है कि इससे यातायात संचालन बेहतर होगा और जाम की स्थिति में कमी आएगी।
वहीं रात के समय होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सेन चौराहे से गुजरने वाले ट्रैक्टरों पर रेडियम पट्टियां भी लगाई गईं। इन रेडियम स्ट्रिप्स के माध्यम से रात में दूर से ही वाहन स्पष्ट दिखाई दे सकेंगे, जिससे हादसों की आशंका कम होगी।
अभियान के दौरान यातायात थाना प्रभारी मनीष सिंह चौहान और उनकी टीम ने पीए सिस्टम और प्रोजेक्टर के जरिए आमजन, व्यापारियों और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। लोगों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़े नहीं करने के लिए प्रेरित किया गया।
यातायात पुलिस की इस पहल को स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों ने सकारात्मक कदम बताते हुए सराहना की है।
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार