Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जबलपुर, 29 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर के गढ़ा थाना क्षेत्र स्थित कछपुरा ओवरब्रिज पर शुक्रवार दोपहर एक तेज रफ्तार मेट्रो बस की टक्कर से बाइक सवार महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसकी बेटी और दामाद घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार यादव कॉलोनी निवासी 42 वर्षीय कविता पटेल अपनी बेटी और दामाद के साथ बाइक से गढ़ा की ओर जा रही थीं। दोपहर के समय जब उनकी बाइक कछपुरा ब्रिज की ढलान से नीचे उतर रही थी, तभी सामने से आ रही मेट्रो बस के चालक ने अचानक लापरवाहीपूर्वक यू-टर्न ले लिया। इससे बाइक सीधे बस की चपेट में आ गई।
हादसे में कविता पटेल बस के पहिए में फंसकर कुछ दूर तक घिसटती चली गईं, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं उनकी बेटी और दामाद घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा बेहद भयावह था। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित बस चालक की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक