Enter your Email Address to subscribe to our newsletters



अमेठी, 27 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में अमेठी जनपद के थाना जायस क्षेत्र में महिला से मंगलसूत्र लूट की घटना का पुलिस ने महज 10 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है । पुलिस मुठभेड़ के दौरान लूट की वारदात में शामिल दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटे गए मंगलसूत्र का लॉकेट, तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार की सुबह रामबारी मजरे सराय महेशा निवासी सिताला ने थाना जायस में तहरीर देकर बताया कि वह अपनी बहन के साथ ई-रिक्शा से मायके ग्राम भीरा जा रही थीं। मोजमगंज पुल के पास कच्चे रास्ते पर पैदल जाते समय बाइक सवार दो युवकों ने उनके गले से मंगलसूत्र झपट लिया और फरार हो गए। घटना के बाद थाना जायस में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्जकर उनकी तलाश शुरू कर दी।
पुलिस को देर शाम सूचना मिली कि लूट की घटना में शामिल आरोपित खरौली से नसीराबाद की ओर जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। पुलिस के अनुसार, संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने लगे। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। इस दौरान एक आरोपित गोली लगने से घायल हो गया।
घायल बदमाशों की पहचान खरौली निवासी बन्धन सिंह के रूप में हुई, जिसके कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और लूटा गया मंगलसूत्र का लॉकेट बरामद हुआ। दूसरा आरोपित नान वर्मा है, के पास से भी कारतूस बरामद किए गए। दोनों आरोपितों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उन्होंने स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से महिला का मंगलसूत्र लूटा था।
एएसपी ने बताया कि घायल आरोपित बन्धन सिंह एक हिस्ट्रीशीटर और शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ अमेठी और जीआरपी रायबरेली में चोरी, लूट, छिनैती, मारपीट और एनडीपीएस एक्ट समेत कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी