Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

धनबाद, 27 मई (हि.स.)। जिले के मैथन ओपी क्षेत्र में साधु का भेष बनाकर महिलाओं को ठगी का शिकार बनाने वाले तीन युवकों को ग्रामीणों ने बुधवार को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोप है कि तीनों युवकों ने पूजा-पाठ और टोना-टोटका के नाम पर एक महिला को झांसे में लेकर उसके सोने के आभूषण और पैसे ठग लिए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सतर्कता से तीनों आरोपितों को भागने के दौरान पकड़ लिया गया। फिलहाल मैथन पुलिस तीनों से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच में जुटी है।
भुक्तभोगी महिला अंजू मंडल के अनुसार तीनों युवक साधु के वेश में उसके घर पहुंचे थे। पानी पीने के बहाने घर में प्रवेश करने के बाद उन्होंने धार्मिक बातें शुरू कीं और कहा कि घर के गहनों को मंत्र पढ़कर शुद्ध करने से परिवार में सुख-शांति बनी रहेगी और किसी प्रकार की परेशानी नहीं आएगी। साधु के भेष और मीठी बातों में आकर महिला ने अपने जेवरात और कुछ पैसे निकालकर उन्हें दे दिए।
आरोपितों ने गहनों को कपड़े में बांधने का नाटक किया और महिला को एक साड़ी में गांठ बांधकर थमा दिया। कुछ देर बाद महिला को शक हुआ। उसने पड़ोस की महिलाओं को बुलाकर गांठ खुलवाई तो उसमें गहने नहीं थे। इसके बाद महिला ने शोर मचाया, जिस पर आसपास के लोग जुट गए और आरोपितों की तलाश शुरू कर दी।
ग्रामीणों ने पीछा करते हुए गैलेक्सी सिटी के पास ऑटो से भाग रहे तीनों आरोपितों को पकड़ लिया। लोगों ने तीनों को रोककर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची मैथन पुलिस आरोपितों को हिरासत में लेकर थाना ले गई। बताया जा रहा है कि पकड़े गए तीनों युवक बिहार के रहने वाले हैं।
मैथन पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपितों ने इससे पहले भी क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं। पुलिस तीनों से लगातार पूछताछ कर रही है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा