Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जबलपुर, 26 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में विश्व हिन्दू परिषद के गोरक्षा विभाग द्वारा आगामी बकरीद पर्व से पूर्व गोवंश तस्करी और गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर मंगलवार को घंटाघर चौक पर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम संयुक्त कलेक्टर पुष्पेंद्र आहके को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि देशभर में गोवंश तस्करी और अवैध गोहत्या की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। संगठन का आरोप है कि कई राज्यों में कठोर कानून होने के बावजूद पुलिस-प्रशासन की निष्क्रियता के कारण तस्कर खुलेआम सक्रिय हैं, जिससे गोरक्षकों को स्वयं सड़कों पर उतरकर गोवंश की रक्षा करनी पड़ रही है।
गोरक्षा विभाग ने मांग की कि सभी राज्य सरकारें और स्थानीय प्रशासन गोवंश तस्करी एवं अवैध गोहत्या में संलिप्त लोगों के खिलाफ स्वतः संज्ञान लेकर सख्त कार्रवाई करें। साथ ही बकरीद के दौरान कुछ राज्यों में गोवंश परिवहन नियमों में दी जाने वाली कथित अवैध छूट पर तत्काल रोक लगाने की भी मांग की गई।
संगठन ने मुस्लिम समाज के विद्वानों और धार्मिक नेतृत्व से भी सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाने की अपील की। विहिप गोरक्षा विभाग ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की, तो आगे उग्र आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन में प्रांत सह गोरक्षा प्रमुख संजय तिवारी, रानी दुर्गावती जिला गौ रक्षा प्रमुख सुनील सोनकर, विभाग सह मंत्री राजेश रैकवार, विशाल नामदेव, सचिन शिवहरे और बजरंग दल संयोजक राहुल बर्मन सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक