Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हरिद्वार, 26 मई (हि.स.)। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने विकास खंड कार्यालय रुड़की का निरीक्षण कर विभिन्न विकास कार्यों एवं जन-कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान बिना अवकाश स्वीकृत कराए अनुपस्थित पाए गए सहायक विकास अधिकारी पंचायत का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए।
सीडीओ ने कार्यालय के विभिन्न पटलों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। ।
मुख्य विकास अधिकारी ने वीबी जीरामजी योजना की प्रगति में तेजी लाने के सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सरकार द्वारा संचालित जन-कल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत संचालित योजनाओं का लाभ महिला स्वयं सहायता समूहों को समय पर उपलब्ध कराने तथा अधिक से अधिक महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने पर विशेष ध्यान देने को कहा।
मुख्य विकास अधिकारी ने स्वरोजगार योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर संचालित करने, आमजन की समस्याओं का प्रभावी एवं त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने तथा ग्रामीण विकास कार्यक्रमों को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी सुमन कुटियाल सहित अन्य अधिकारी एवं विकास खंड के कार्मिक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला