Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जयपुर, 26 मई (हि.स.)। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) राजस्थान ने सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा-2021 पेपर लीक मामले में एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है। एसओजी ने डूंगरपुर निवासी लोकेंद्र पण्डया को गिरफ्तार किया है, जिसने परीक्षा से पहले अपने बेटे और बेटी को लीक हुआ पेपर पढ़ाकर तैयारी करवाई थी। आरोपित उन्हें अपनी गाड़ी से जयपुर लाकर परीक्षा भी दिलाने आया था। मामले में एसओजी अब तक 142 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
एसओजी के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विशाल बंसल ने बताया कि आरोपित लोकेंद्र पण्डया वर्तमान में राजस्थान राज्य बेवरेजेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आरएसबीसीएल) के सागवाड़ा डिपो, डूंगरपुर में डिपो मैनेजर के पद पर कार्यरत है। आरोपित को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
जांच में सामने आया कि आरपीएससी सदस्य बाबूलाल कटारा से एसआई भर्ती परीक्षा-2021 के प्रश्न पत्र और उत्तर हासिल करने वाले आरोपी कुंदन कुमार पण्डया के भाई लोकेंद्र पण्डया ने भी लीक प्रश्नपत्रों का फायदा उठाया। उसने अपने पुत्र नैतिक पण्डया और पुत्री नेहा पण्डया को प्रश्नपत्रों के उत्तर पढ़ाकर परीक्षा की तैयारी करवाई। साथ ही कुंदन पण्डया की पुत्री रिद्धि पण्डया को भी पढ़ाया गया।
एसओजी के अनुसार नैतिक पण्डया को हिन्दी विषय में 200 में से 143.43 अंक और सामान्य ज्ञान में 147.20 अंक प्राप्त हुए थे, जबकि नेहा पण्डया को हिन्दी में 158.89 अंक तथा सामान्य ज्ञान में 153.46 अंक मिले थे। दोनों अभ्यर्थी अवैध तरीके से परीक्षा में उत्तीर्ण हुए थे।
एसओजी ने नैतिक पण्डया और नेहा पण्डया को पूर्व में 10 जुलाई 2025 को गिरफ्तार कर लिया था। उनके खिलाफ आरोप पत्र भी न्यायालय में पेश किया जा चुका है। अब लोकेंद्र पण्डया की गिरफ्तारी के बाद एसओजी पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच में जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश