Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हमीरपुर, 26 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में मंगलवार को अज्ञात कारणों से कच्चे घर में आग लगने से जहां पूरी गृहस्थी का सारा सामान जलकर खाक हो गया तो वहीं दो बकरी और तीन कुत्तों के साथ एक वृद्ध की जलकर मौत हो गई। मजिस्ट्रेट और क्षेत्राधिकारी ने मौके पर पहुंच कर आग से हुए नुकसान का आंकलन शुरू कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।
मंगलवार दोपहर मौदहा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम करहय्या निवासी रतिराम (70) के घर में अचानक आग लग गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया हालांकि ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड और कोतवाली पुलिस के साथ ग्रामीणों ने किसी तरह आग बुझाने की कोशिश की। तबतक रतिराम और उसकी दो बकरियों के साथ तीन कुत्तों की जलकर मौत हो गई और घर गृहस्थी का सारा सामान जलकर खाक हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही मजिस्ट्रेट और क्षेत्राधिकारी राजकुमार पाण्डेय ने भी घटना स्थल पर पहुंच कर मामले की जांच की। फिलहाल आग लगने के कारणों की जानकारी नहीं हो सकी है, लेकिन शार्ट शर्किट से आग लगने का अनुमान लगाया जा रहा है। मृतक छोटा किसान था और बटाई की जमीन लेकर खेती करता था। मृतक अपने पीछे तीन पुत्र छोड़ गया है। फिलहाल राजस्व विभाग के जिम्मेदारों ने मौके पर पहुंच कर आग से हुए नुकसान का आंकलन शुरू कर हर सम्भव सरकारी सहायता दिलाने की बात कही है। एसडीएम करन वीर सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता मुहैया कराने के लिए जांच कराई जा रही है। राजस्व कर्मी भी नुकसान का सर्वे कर रहे हैं।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा