Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 26 मई (हि.स.)। दिल्ली सरकार ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) कैटेगरी के लिए राशन कार्ड के लिए जरूरी सालाना आय की सीमा को 1.20 लाख रुपये से बढ़ाकर 2.5 लाख रुपये कर दी है। यह फैसला दिल्ली सचिवालय में कैबिनेट की बैठक में लिया गया।
दिल्ली के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने दिल्ली सचिवालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा दिल्ली सरकार ने राशन कार्ड के लिए जरूरी सालाना आय की सीमा को 1.20 लाख रुपये से बढ़ाकर 2.5 लाख रुपये कर दी है। उन्होंने कहा कि अब 2.5 लाख तक की वार्षिक आय वाले लोग भी नए राशन कार्ड के लिए पात्र होंगे और उन्हें सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के माध्यम से राशन उपलब्ध कराया जाएगा।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राशन कार्ड की पात्रता के लिए परिवार की आय सीमा को 1.20 लाख से बढ़ाकर 2.5 लाख रुपये प्रति वर्ष करने की 21 मई को घोषणा की थी, आज कैबिनेट से इसकी मंजूरी दे दी है। दिल्ली में 15 मई से ही नए राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हो चुके हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव