Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

शिमला, 26 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में भीषण गर्मी और लू के अलर्ट के बीच मंगलवार को पंचायत चुनाव के पहले चरण में लोकतंत्र का उत्सव पूरे दिन दिखाई दिया। राज्य भर की 1293 पंचायतों में सुबह सात बजे मतदान शुरू होते ही गांवों के मतदान केंद्रों के बाहर लंबी कतारें लग गई थीं। तेज धूप और गर्म हवाओं के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। शाम 5 बजे तक निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के मुताबिक प्रदेशभर में करीब 76 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है। हालांकि यह अंतिम आंकड़ा नहीं है और इसमें बढ़ोतरी हो सकती है, क्योंकि कई इलाकों से मतदान का अंतिम डाटा अभी आना बाकी है।
शुरुआती दो घंटों में करीब 20 फीसदी मतदान हो गया था। सुबह 11 बजे तक मतदान प्रतिशत 41 फीसदी और दोपहर एक बजे तक 61 फीसदी पहुंच गया। तय समय के अनुसार मतदान दोपहर तीन बजे समाप्त हुआ, लेकिन जो लोग उस समय तक कतारों में खड़े थे, उन्हें वोट डालने का मौका दिया गया। कई गांवों में मतदान केंद्रों के बाहर शाम तक भी भीड़ दिखाई देती रही।
105 से 90 साल तक के बुजुर्ग बने लोकतंत्र की सबसे बड़ी तस्वीर
इस बार पंचायत चुनाव में सबसे ज्यादा चर्चा बुजुर्ग मतदाताओं की रही। शिमला जिला के जुब्बल की झगटान पंचायत में 105 वर्षीय गोखी देवी पैदल चलकर मतदान केंद्र तक पहुंचीं और वोट डाला। शिमला जिला की ग्राम पंचायत कूट की 103 वर्षीय धनपति नेगी ने भी मतदान कर लोगों को प्रेरित किया। चिक्खर पोलिंग बूथ पर 99 वर्षीय सूरत ने वोट डालकर लोकतंत्र में भागीदारी की मिसाल पेश की। ग्राम पंचायत पौडिया के वार्ड क्यारनु और कोटी में 96 वर्षीय वीर सिंह और 90 वर्षीय गोकलू देवी ने भी मतदान किया। ग्राम पंचायत सरस्वतीनगर के 95 वर्षीय पदम सिंह चौहान मतदान केंद्र पहुंचे, जबकि करचरी वार्ड में 92 वर्षीय बिमला देवी ने वोट डाला। पंचायत मधाना के वार्ड नंबर-3 के 89 वर्षीय मंगत राम और ढाकगांव पंचायत के बूथ खरोट-2 में 88 वर्षीय सुरत राम भी मतदान करने पहुंचे। ग्राम पंचायत घरयाणा की 81 वर्षीय लीला वती हाल ही में सर्जरी के बावजूद मतदान केंद्र पहुंचीं। कई बुजुर्ग सहारे के साथ मतदान केंद्रों तक पहुंचे और लोगों ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया।
पहली बार वोट डालने पहुंचे युवा, गांवों में दिखा चुनावी उत्साह
युवा मतदाताओं में भी चुनाव को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। शिमला जिला की ग्राम पंचायत घरयाणा की 18 वर्षीय निकिता ने पहली बार मतदान किया। प्रदेशभर में हजारों युवा पहली बार पंचायत चुनाव का हिस्सा बने। कई मतदान केंद्रों पर युवाओं ने वोट डालने के बाद तस्वीरें खिंचवाईं और लोकतंत्र के इस उत्सव को यादगार बनाया। हमीरपुर सहित कई जिलों में विकास और नशे का मुद्दा चुनाव में प्रमुखता से उठा। भीषण गर्मी के बावजूद ग्रामीण इलाकों में लोगों की भारी भागीदारी ने साफ कर दिया कि पंचायत चुनाव अब भी गांवों की राजनीति और सामाजिक जीवन का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक आयोजन बने हुए हैं।
दूरदराज के डोडरा क्वार से मलाणा तक दिखा मतदान का उत्साह
शिमला जिले के दूरदराज इलाके डोडरा क्वार उपमंडल की जाखा और जिस्कुन पंचायतों में भी लोगों ने बढ़-चढ़कर मतदान किया। यहां कुल 81.75 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। दोनों पंचायतों में कुल 1,214 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिनमें 661 पुरुष और 553 महिला मतदाता शामिल रहे। वहीं दुनिया के सबसे पुराने लोकतंत्रों में शामिल माने जाने वाले कुल्लू जिला के मलाणा गांव में भी पंचायत चुनाव को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया और ग्रामीण बड़ी संख्या में मतदान करने पहुंचे। शिमला जिले में पहले चरण के तहत 150 पंचायतों और करीब 844 वार्डों में मतदान कराया गया। चुनाव प्रक्रिया को पूरा करवाने के लिए करीब 5,064 कर्मचारी तैनात किए गए थे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर चार कर्मचारियों की पोलिंग पार्टी और दो सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी।
करसोग में बैलेट पेपर विवाद, चुनाव ड्यूटी से गायब कर्मचारियों पर कार्रवाई
मतदान के बीच मंडी जिला के करसोग से लापरवाही का मामला भी सामने आया। थाच-थर्मी, प्रलोग और मेंडी बीडीसी वार्ड में प्रत्याशी होशियार सिंह का नाम बैलेट पेपर से गायब पाया गया। इसके बाद संबंधित केंद्रों पर बीडीसी पद के लिए मतदान रोक दिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि बाकी पदों के लिए मतदान जारी रखा गया और बीडीसी पद के लिए अलग तारीख पर दोबारा मतदान कराया जाएगा। उधर कुल्लू जिला के नग्गर विकास खंड के अंतर्गत कटराई और सोयल-2 में चुनाव ड्यूटी से अनुपस्थित रहने पर दो कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। सहायक चुनाव अधिकारी एवं एसडीएम मनाली गुंजीत सिंह चिम्मा ने दोनों कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर जवाब मांगा है।
निर्वाचन आयोग के अनुसार पंचायत प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य पदों के नतीजे आज देर शाम घोषित किए जाएंगे, जबकि बीडीसी और जिला परिषद सदस्यों के परिणाम 31 मई को आएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा